पानीपत। बाजार में विवाह सीजन में रौनक देखने को मिल रही है। इस सीजन में खासकर दुल्हनों में ऊनी शॉलों की खरीदारी तेजी पर है। हल्की ठंड के मौसम में शादी के कार्यक्रमों के बीच दुल्हनें ऐसे विकल्प तलाश रही हैं जो एक साथ फैशनेबल भी हों और गर्माहट देने वाले भी। ऐसे में बाजार में दुल्हनों के लिए स्पेशल डिजाइनर शॉल सबसे ज्यादा पसंद की जा रही हैं।
इस बार मार्केट में कई नए पैटर्न और डिजाइन आए हैं। जिनमें कश्मीरी, पश्मीना-टच, सिल्क-ब्लेंड, लखनऊ जरी वर्क और हैवी बॉर्डर वाले शॉल विशेष रूप से दुल्हनों के बीच चर्चा में हैं। हल्के वजन और मुलायम फैबरिक के कारण महिलाएं बिना भारी कपड़ों का बोझ महसूस किए शादियों में इन्हें कैरी कर पा रही हैं।
इंसार बाजार स्थित शॉल के दुकानदार अमित जैन ने बताया कि इस बार विवाह सीजन में ऊनी शॉल की बिक्री पिछले साल की तुलना में करीब 30 से 40 प्रतिशत ज्यादा है। इस बार ग्राहकों की पसंद बदली है। लोग हल्की, स्टाइलिश और गर्माहट देने वाली शॉल खरीद रहे हैं। खासकर दुल्हनों के लिए 1000 से 2000 रुपये तक की रेंज वाली डिजाइनर शॉल खूब बिक रही हैं। इनमें एंब्रॉइडरी वर्क और थ्रेडिंग डिजाइन की शॉल सबसे ज्यादा पसंद की जा रही हैं। हैवी बॉर्डर और गोल्डन वर्क वाली शॉलें दुल्हनों की पहली पसंद बन गई हैं। लड़कियां अब दुपट्टे की जगह स्टाइलिश शॉल को शादी के छोटे कार्यक्रमों में कैरी करना ज्यादा पसंद कर रही हैं।
रामनगर की पूजा ने बताया कि मेरी बहन की शादी है इसलिए हम खास डिजाइन वाली शॉल लेने आए हैं। शॉल दुपट्टे की तरह संभालनी भी नहीं पड़ती और ठंड से बचाव भी हो जाता है।