पानीपत। चांदनीबाग थाना क्षेत्र के न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में हैंडलूम कारोबारी के घर पर हुई 15 लाख रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा का दिया। ससुर और दामाद ने मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया दिया।
सीआईए-1 की टीम ने उझा रोड गैस गोदाम के पास से रववार शाम को आरोपी इश्तियाक निवासी शांति कॉलोनी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपने दामाद दिलशाद उर्फ नाेनू व उसके एक अन्य साथी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने 2.50 लाख रुपये भी बरामद कर लिए।
सीआईए-1 प्रभारी संदीप ने बताया कि चांदनीबाग थाना क्षेत्र में आठ अगस्त को न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी हैंडलूम कारोबारी अमित के घर में चोरी हुई थी। वारदात के कारोबारी अपने परिवार के साथ सहारनपुर गए हुए थे। कारोबारी ने मकान से करीब 15 लाख रुपये व दो मोबाइल फोन चोरी होने की बात कही थी। चांदनीबाग थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। एसपी ने इस मामले की जांच सीआईए-1 की टीम को सौंपी थी।
इसके बाद टीम आरोपियों की धरपकड़ में जुट गई। टीम ने कॉलोनी में अलग-अलग स्थानों पर लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला। सीसीटीवी फुटेज एक स्थान पर आरोपी दिखाई दिए। पुलिस टीम ने रविवार देर शाम को दबिश देकर एक आरोपी इश्तियाक को को उझा रोड गैस गोदाम के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने दामाद दिलशाद उर्फ नोनू निवासी बलजीत नगर व उसके एक अन्य साथी के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। दामाद दिलशाद के कहने पर उसने मकान की रेकी की थी। दिलशाद पहले भी चोरी के मामले में जेल जा चुका है और वह हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आया था। पुलिस आरोपी दिलशाद की गिरफ्तारी में जुट गई है।