अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। सेक्टर-25 पार्ट-1 में स्थित विजय मोटर्स पर दुर्घटनाग्रस्त कार का जायजा लेने पहुंचे न्यू इंडिया इंश्योरेंस कंपनी के सर्वेयर के साथ मोर्टर्स के मालिक ने मारपीट कर दी। आरोप है कि पिता-पुत्र सर्वेयर को बंधक बनाकर पीटा गया। दोनों को गंभीर चोटें आई हैं। मौके पर पहुंचे कंपनी के अधिकारियों ने घायल पिता-पुत्र को उपचार के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने हालत गंभीर होने पर दोनों को खानपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। थाना चांदनी बाग पुलिस ने सूचना के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
शिवनगर निवासी नरेश गुप्ता न्यू इंडिया इंश्योरेंस कंपनी में सर्वेयर हैं वे करीब 35 वर्षों से काम कर रहे हैं। नरेश गुप्ता ने बताया कि सोमवार शाम पांच बजे वह अपने असिस्टेंट सुरेंद्र के साथ सेक्टर-25 पार्ट-1 स्थित विजय मोटर्स गए थे। वहां उन्हें दुर्घटनाग्रस्त कार का सर्वे करना था। वे लोग कार को देख ही रहे थे। इसी दौरान विजय मोटर्स के मालिक विजय सैनी वहां पहुंचे और उनसे अभद्रता करने लगे। इस बारे में असिस्टेंट ने इस बारे में कंपनी अधिकारियों को सूचित किया। आरोप है कि फोन करते देख विजय के साथ पहुंचे लोगों ने सुरेंद्र के साथ मारपीट की। नरेश गुप्ता के साथ धक्का-मुक्की का पता लगते ही उनके बेटे सर्वेयर अंकित गुप्ता असिस्टेंट अंकुश के साथ वहां पहुंचे। आरोप है कि हमलावरों ने नरेश गुप्ता और अंकित गुप्ता को बंधकर बनाकर लोहे की रॉड से पीटा। इससे नरेश गुप्ता के सिर पर गहरी चोटें आई हैं, जबकि अंकित गुप्ता के पैर की हड्डी टूट गई है। आरोप है कि हमलावरों ने नरेश गुप्ता का मोबाइल भी छीन लिया।
सर्वेयर नरेश गुप्ता के साथ मारपीट की सूचना पर कंपनी के अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घायल पिता-पुत्र को उपचार के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार मुहैया करवाने के बाद दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए खानपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। घटना के बाद परिजनों में रोष बना हुआ है। उन्होंने मांग की है कि विजय मोटर्स की वर्कशॉप को बंद करवाया जाएं। इसकी जांच करवाई जाए।
पहले भी हो चुकी है वारदात
न्यू इंडिया इंश्योरेंस कंपनी में बतौर असिस्टेंट कार्यरत अंकुश और सुरेंद्र ने बताया कि उनकी कंपनी का क्लेम रेसो पहले बढ़ा हुआ था। कंपनी ने पुराने सर्वेयर को हटाते हुए नरेश गुप्ता को नियुक्त किया था। इनकी नियुक्ति के बाद क्लेम रेसो डाउन हो गया था। कंपनी सभी केसों की जिम्मेदारी नरेश गुप्ता को दी थी। इस वजह से नरेश गुप्ता का विजय मोटर्स पर आना-जाना लगा रहता था। पहले भी ये लोग गुप्ता के साथ अभद्र व्यवहार कर चुके हैं।
अधिक क्लेम का दबाव बनाता था आरोपी
कर्मचारियों ने बताया कि विजय मोटर्स के मालिक उनके यहां जाने वाले सर्वेयर पर अधिक क्लेम देने के लिए दबाव बनाते थे। नरेश गुप्ता ने क्लेम के माध्यम से होने वाली ऊपरी कमाई का जरिया बंद कर दिया था। इस वजह से आरोपी उनसे दुश्मनी मानने लगे थे।
सेक्टर 25 पार्ट 1 स्थित विजय मोटर्स पर झगड़े की सूचना मिली है। घायलों के अभी बयान दर्ज नहीं हुए हैं। उनके बयान के आधार पर ही आगामी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जसपाल ढिल्लो, प्रभारी, थाना चांदनी बाग