संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। सरकारी स्कूलों में विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) का गठन किया जाएगा। विद्यालयों में समितियों का गठन की प्रक्रिया सोमवार से शुरू कर दी गई है। सभी विद्यालयों में 23 मई तक समितियों के गठन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। नई चुनी जाने वाली समिति का कार्यकाल दो साल का होगा।
समिति का मौजूदा कार्यकाल 31 मार्च को समाप्त हुआ है। शिक्षा निदेशालय ने समिति के गठन के लिए जिला शिक्षा अधिकारी, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी, जिला परियोजना समन्वयक व खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं।
दरअसल, सभी सरकारी स्कूलों में सरकार द्वारा हर दो साल के लिए विद्यालय प्रबंधन समिति का गठन किया जाता है।
इसमें विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों के माता-पिता, विद्यालय के शिक्षक और सामाजिक कार्यकर्ता के साथ-साथ ग्राम पंचायत या नगर पालिका के निर्वाचित सदस्य शामिल होते हैं। इनके द्वारा स्कूलों में बच्चों के लिए जरूरी सभी कार्य किए जाते हैं।
एसएमसी के गठन के लिए मुनादी करवाई जाएगी ताकि एसएमसी की चयन प्रक्रिया में अधिक से अधिक अभिभावक हिस्सा लें सकें।