संवाद न्यूज एजेंसी
सनौली। अनाज मंडी सनौली-बापौली में गेहूं की बोरियों का उठान धीमा हो गया है। इससे मंडी में करीब 2 लाख गेहूं की बोरियों के ढेर लग चुके हैं, जिससे मंडी फुल हो चुकी है। अब गेहूं के ढेर बीडीपीओ कार्यालय सनौली के आगे तक लग चुके हैं। इससे खंड कार्यालय में अंदर आने-जाने के लिए भी मुश्किल हो गई है।
अनाज मंडी बापौली में मंडी में नाममात्र उठान होने से गेहूं से किसानों ने तहसील और मार्केट कमेटी कार्यालय के अंदर ही गेहूं डाल कर कार्यालय प्रांगण ही भर दिया है। अनाज मंडी में लगे बोरियों के ढेरों से मंडी की गोदाम जैसी हालत हो गई है। इससे खेतों से आने वाले गेहूं को मंडी में डालने की जगह नहीं मिलने से किसानों और आढ़तियों को परेशानी हो रही है। अभी तक केवल गेहूं उठान का काम मात्र 25 हजार क्विंटल का ही हो पाया है।
पिछले एक सप्ताह से अनाज मंड़ी में गेहूं की आवक अधिक होने से मंडी में गेहूं की बोरियों की लिफ्टिंग भी नाममात्र हो रही है। सनौली-बापौली मंडी में खरीद तो चल रही है लेकिन उठान बहुत धीमी गति से किया जा रहा हैं। मंडी में अनाज डालने की जगह नही मिल रही हैं। अब गेहूं को मंडी के साथ लगते खेतों में उतारना पड़ रहा है। वहीं खरीद एजेंसी गेहूं में नमी बता रही है, जिस पर हजारों क्विंटल गेहूं को किसान मंडी के अंदर ही फैलाकर सुखाने में लगे हैं।
सनौली मंडी के आढ़ती जगदीश, जोगीराम, अशोक कुमार का कहना है कि सवा दो एकड़ जगह में बनी छोटी मंडी सनौली में गेहूं की बोरियों की लिफ्टिंग न होने से अनाज मंडी पूरी तरह से भर चुकी है। खरीद एजेंसी गेहूं उठान धीमी गति से कर रहा हैं। इस बारे में मार्केट कमेटी के सचिव रामजीलाल का कहना है कि गेहूं का उठान तेज गति से कराया जाएगा। गेहूं खरीद एजेंसी को आढ़तियों की समस्या हल करने के लिए कहा गया है। जल्द ही उनकी समस्या का हल हो जाएगा।