पानीपत। राजीव कॉलोनी में बेरी वाली मस्जिद के पास नाले में बुधवार को छह महीने का भ्रूण मिला है। महिलाओं ने कुत्तों से बचाकर भ्रूण को बाहर निकाला। किला थाना पुलिस ने भ्रूण का जिला नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करा दिया है। आसपास लगे सीसीटीवी के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शी आरती और बिमला ने बताया कि बुधवार सुबह करीब छह राजीव कॉलोनी स्थित नाले के पास कुत्ते लगातार भौंक रहे थे। उन्होंने मौके पर जाकर देखा तो एक भ्रूण पड़ा मिला। कुत्ते उसे नोंचने का प्रयास कर रहे थे।
उन्होंने कुत्तों को दूर भगाया और नाले से भ्रूण को बाहर निकाला। भ्रूण करीब छह महीने का था और उसे कपड़े में लपेट कर छोड़ा गया था। उन्होंने भ्रूण को साफ कपड़े में लपेटा और पुलिस को सूचना दी। डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने भ्रूण को जिला नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवाया। किला थाना पुलिस के प्रभारी नीरज ने बताया कि भ्रूण का पोस्टमार्टम करा दिया है। इसमें अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।