संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिले में मारपीट की अलग-अलग घटनाओं में छह लोग घायल हो गए। चीका थाना में दी गई शिकायत में पीडल गांव निवासी ने बताया कि 22 सितंबर को वीरेंद्र सिंह, गुरबचन सिंह, गुरप्रीत सिंह और कृपाल सिंह ने मारपीट करते हुए उसे घायल कर दिया। उसे जान से मारने की धमकी भी दी। जांच अधिकारी जगदीश चंद्र ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उधर, राजौंद थाना में दी शिकायत में सौंगलन निवासी शिव ओम ने बताया कि 25 सितंबर को अनूप कुमार ने पांच व्यक्तियों के साथ मिलकर उसे हनुमान वाटिका कैथल में घायल कर दिया। जांच अधिकारी संजय ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शहर के चौधरी मोहल्ला में हुई मारपीट में दंपति व उसका बेटा घायल हो गया। उन्हें अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। शहर थाना में दी गई शिकायत में चौधरी मोहल्ला कैथल निवासी मीनाक्षी ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि 26 सितंबर को नरेश उर्फ बिट्टू ने मारपीट करते हुए उसे उसके पति सुरेश और बेटे अक्षत को घायल कर दिया। उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। जांच अधिकारी कुलदीप ने बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मारपीट के दूसरे मामले में के सुनील ने कलायत पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि 25 सितंबर को जब वह कलायत में अपनी दुकान पर बैठा था तो अक्षय ने आठ साथियों के साथ मिलकर उसकी दुकान में घुसकर उसे पर तेज धार हथियार से हमला करते हुए उसे घायल कर दिया। जांच अधिकारी हेड कांस्टेबल नरेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वहीं, राजौंद थाना क्षेत्र के गांव मंडलाल में महिला से मारपीट कर उसे घायल कर दिया। इस मामले में राजौंद थाना में दी गई शिकायत में मंडवाल निवासी पलविंद्र कौर ने बताया कि 22 से 24 सितंबर तक मनजीत कौर, नेहा, हरभजन सिंह और वीरेंद्र सिंह ने उसके साथ मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी भी दी। जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर ईश्वर सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।