पानीपत। जिले में डेंगू का खतरा गहराता जा रहा है। इस महीने में अब डेंगू के 60 केस मिल चुके हैं। बृहस्पतिवार को छह केस मिले। इसके साथ पॉजिटिव का आंकड़ा 91 पर पहुंच गया है। इस माह हर दूसरे दिन डेंगू के लगभग पांच केस मिल रहे हैं। इस साल 10 बच्चे अब तक डेंगू का शिकार हो चुके हैं।
जिले में बृहस्पतिवार को 194 सैंपलों की रिपोर्ट आई। इनमें वधावाराम कॉलोनी में 55 साल का पुरुष, देहरा गांव में 18 साल का युवक, नारायणा में 38 साल का पुरुष, छाजपुर में 45 साल का पुरुष, अजीजुलापुर में 18 साल की युवती व रेरकलां गांव में 19 साल का युवक डेंगू से ग्रस्त मिला है। इन सबका निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। जिले में अब डेंगू के 91 केस हो चुके हैं। 12 लोगों का अस्पतालों में इलाज चल रहा है। बाकी ठीक हो चुके हैं। पिछले दिनों हुई बरसात से अब डेंगू का खतरा अधिक बढ़ा है। खाली प्लॉटों व छतों पर पड़े बर्तनों में डेंगू का लार्वा उत्पन्न हो रहा है। स्वास्थ्य विभाग डेंगू पर अंकुश लगाने का तमाम प्रयास कर रहा है। स्वास्थ्य विभाग अब एंटी लार्वा एक्टिविटी भी तेज कर रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने अब नेशनल मोबाइल मेडिकल यूनिट फील्ड में उतारी हैं। इसको छोटा अस्पताल भी कहा जाता है। इसमें एक डॉक्टर, दो नर्सिंग ऑफिसर, एक फार्मासिस्ट, एक लैब टेक्नीशियन व एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी भी तैनात है। गांवों व कॉलोनियों में बुखार से ग्रस्त लोगों की स्लाइड तैयार की जा रही है। इन पीड़ितों को दवा के साथ-साथ डेंगू के खिलाफ भी जागरूक किया जा रहा है। डेंगू पर अंकुश के लिए स्वास्थ्य विभाग की 100 टीमें एंटी लार्वा एक्टिविटी भी चला रही है। अब बच्चों को डेंगू से बचाने के लिए शिक्षा विभाग का सहयोग भी सहयोग कर रहा है।
सिविल अस्पताल व सामुदायिक केंद्रों में डेंगू के अलग से वार्ड बनाए गए हैं। सिविल अस्पताल में 13 बेड लगाए गए हैं। छह सामुदायिक केंद्रों में 68 बेड लगाए गए हैं। 30 ब्रिडिंग चेकर, 92 एमपीएचडब्ल्यू व 24 हेल्थ इंस्पेक्टर जिले भर में एंटी लार्वा एक्टिविटी चला रहे हैं। एक जुलाई से अब तक करीब 4.46 लाख घरों में लार्वा जांचा गया है। 4612 घरों में लार्वा मिला है। 4079 लोगों को नोटिस जारी किया गया है। सरकारी कार्यालयों में शुक्रवार को व गांवों व कॉलोनियों में रविवार को ड्राई डे मनाया जा रहा है। इस साल अब तक डेंगू का लार्वा मिलने पर परिवहन निगम को नोटिस जारी किया गया है। सभी निजी अस्पतालों से प्रतिदिन की डेंगू की रिपोर्ट लेकर मुख्यालय भेजी जा रही है। सिविल अस्पताल में अब तक 2998 सैंपल की जांच हुई है।
डेंगू के नोडल अधिकारी डॉ. सुनील संदूजा ने बताया कि बृहस्पतिवार को जिले में डेंगू के छह केस मिले हैं। अब जिले में डेंगू के रोगियों की संख्या 91 हो चुकी है। अब आने वाले दिनों में डेंगू का खतरा अधिक बढ़ने का भय है। लोगों से अपील है कि डेंगू के खिलाफ जागरूक हों। अपने आसपास पानी जमा न होने दें। अगर बुखार है तो डॉक्टर की सलाह के बिना दवा न लें।