पानीपत। बहनों ने भाई को तिलक कर भैया दूज का पर्व मनाया और भाई की दीर्घायु के लिए प्रार्थना की। मिठाई की दुकानों पर पूरा दिन खरीदारी चली। जिससे दुकानदारों के चेहरे खिले रहे। वहीं आवाजाही के लिए ट्रेनों व बसों में मारामारी मची रही। भाई धक्का-मुक्की कर बसों व ट्रेनों में सफर कर बहनों तक पहुंचे। कुछ ने निजी वाहनों से सफर किया।
बहन-भाई के अटूट प्रेम का प्रतीक भैया दूज पर बहनों ने भाईयों को तिलक कर भोजन किया। किशनपुरा निवासी संतोष देवी ने बताया कि उसने सुबह से अपने भाई के लिए व्रत किया और भाई को दोपहर 12 बजे तिलक करके ही खाना खाया। उनके भाई प्रवीन ने बताया कि वह हर साल भैया दूज पर अपने बहन से तिलक करवाने के लिए आता है। वह सोनीपत से ट्रेन में आया। सोनीपत से पानीपत तक का सफर उसने खड़े होकर किया। भीड़ होने से उसे खड़े होने का रास्ता भी मुश्किल से मिल पाया। शहर में पहुंचने के बाद जाम के कारण उसे किशनपुरा तक पहुंचने में 12 बज गए। तब उसने तिलक करवाया।
विज्ञापन
सेक्टर 13-17 निवासी कोमल ने बताया कि वह अपने घर पाथरी भाई को तिलक करने के लिए गई। सुबह नौ बजे सिंक पाथरी वाली बस में भीड़ होने से उसे इसराना तक खड़े होकर सफर करना पड़ा। इसराना में सवारी उतरने से उसे बैठने के लिए सीट मिल पाई। इसी तरह शाम को चार बजे वाली बस में आते समय भीड़ के कारण धक्का-मुक्की करके उसे बस में खड़े होने की जगह मिल पाई।
जीटी रोड व दूसरी सड़कों पर रही जाम की स्थिति
भैया दूज पर भाई बसों और अपने वाहनों में सुबह ही रवाना हो गए। ऐसे में जीटी रोड और शहर समेत मुख्य सड़कों पर जाम की स्थिति बनी रही। जीटी रोड पर गोहाना रोड से पुराना बस स्टैंड तक दिनभर रुक-रुक कर जाम लगता रहा। ऐसे में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं मिठाई और गिफ्ट शॉप पर पूरा दिन जमघट लगा रहा।