फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

साहब ! मां का बचपन में साया उठ गया था, पिता की छाया में पल रही थी, आपने तो वह भी हमसे छीन लिया

विज्ञापन
विज्ञापन
मां का साया बचपन में उठ गया था, पिता ने ही मां की तरह लाड़-प्यार कर पाल-पोसकर बड़ा किया था, साहब! आपने तो उन्हें भी हमसे छीन लिया। अब हमारा इस दुनिया में कौन है। पुलिस हिरासत में मरे अयूब (55) की बेटी नजराना डीएसपी वीरेंद्र सैनी से सामान्य अस्पताल में हंगामे के दौरान यह कहते हुए बिलख पड़ी। बेटियों ने आरोप लगाया कि एएसआई धर्मबीर को पिता को छोड़ने के लिए 10 हजार रुपये भी दिए थे, लेकिन वे भी काम नहीं आए। पिता को थर्ड डिग्री देकर हत्या कर दी। मांग की कि एएसआई और चारों पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई करें। सामान्य अस्पताल में करीब पांच घंटे तक परिजनों ने हंगामा किया।
विज्ञापन

अशोक बिहार कॉलोनी निवासी 22 वर्षीय युवती को डाबर कॉलोनी निवासी इरशाद शादी के लिए 25 मई को भगाकर ले गया। मामले में युवती की मां ने किला थाना पुलिस को शिकायत दी थी। मामले की जांच एएसआई धर्मबीर कर रहे थे। पुलिस ने इरशाद की लोकेशन ट्रेेस करने का प्रयास किया, लेकिन इरशाद और युवती का कोई सुराग नहीं लगा। आरोप है कि पुलिस ने इरशाद के भाई, भाभी और मां को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। इसके बाद इरशाद के भाई नूर मोहम्मद के ससुर विद्यानंद कॉलोनी निवासी अयूब से पूछताछ की। एएसआई को सूचना मिली थी कि इरशाद अयूब के घर छिपा हुआ है, लेकिन वह वहां भी नहीं मिला।
पुलिस मंगलवार की शाम करीब पांच बजे खड्डी मास्टर अयूब को उग्राखेड़ी स्थित एक धागा फैक्टरी उठाकर थाने ले आई। परिजनों का कहना है कि इस दौरान चार पुलिसकर्मी साथ थे। शाम छह बजे परिजनों को सूचना दी गई कि अयूब की हालत खराब हो गई है। जब परिजन अस्पताल पहुंचे तो वह मृत अवस्था में मिले।
विज्ञापन

---
लाठियों से मारने के साथ ही पानी में डुबाने का आरोप
अयूब के बेटे फैजान ने बताया कि पिता के शरीर पर चोट के निशान हैं। उसने आरोप लगाया कि एएसआई धर्मबीर ने पिता को थर्ड डिग्री दी है। पिता को करीब एक घंटे तक लाठियों से पीटने के साथ ही उनका मुंह पानी में डुबाकर टॉर्चर किया गया है। आरोप लगाया कि पिता के मुंह पर गीले तौलिए से बने निशान मिले हैं। फैजान ने कहा कि पिता का इरशाद के मामले से कोई लेना-देना नहीं था। पुलिस टॉर्चर की वजह ही पिता की मौत हुई है।
---
पुलिस ने दिखाया पूछताछ के दौरान हालत बिगड़ी
डीएसपी मुख्यालय सतीश वत्स ने बताया कि करीब पांच बजे पूछताछ के लिए अयूब को किला थाने लेकर आ गया था। पूछताछ शुरू करने दौरान ही उसकी हालत बिगड़ गई। किला थाना प्रभारी महिपाल और अन्य पुलिसकर्मी अयूब को सामान्य अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां पर उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई।
---
40 हजार रुपये ब्याज पर उठाकर पुलिसकर्मी को देने का आरोप, मांग रहे थे डेढ़ लाख
इरशाद की मां सलमा ने बताया कि उसके पति कलामुद्दीन की मौत हो चुकी है। उसके सात बच्चे हैं, जिनमें छह बेेटे और एक बेटी है। इरशाद चौथे नंबर का बेटा है, जो सौदापुर स्थित एक पैकिंग की फैक्टरी में काम करता है। बेटे ने जो गलती की, उसकी सजा हमें क्यों दी जा रही है। एएसआई पिछले पांच दिन से लगातार उन्हें प्रताड़ित कर रहा है। कभी बड़े बेटे को तो कभी छोटे बच्चों को उठाकर ले जाते थे। पुलिसकर्मी ने मामला रफादफा करने के लिए डेढ़ लाख रुपये मांगे थे, उन्होंने ब्याज पर 40 हजार रुपये लेकर दिए थे, इसके बावजूद वे परेशान करतेे रहे।
---
हमारी तरफ से चाहे बेटे को गोली मार दो : इरशाद की मां
इरशाद की वजह से पूरे परिवार को पुलिस परेशान कर चुकी है। मां ने कहा कि चाहे उनके बेटे को गोली मार दो, हमें उससे कोई लेना देना नहीं है। युवती के परिजन पुलिसकर्मियों को रिश्वत देकर दबाव बनवाते रहे और पुलिस उन्हें परेशान करती रही। उधर, यह भी चर्चा है कि इरशाद ने युवती के साथ कोर्ट मैरिज कर ली है। ----
थाने पहुंचे एसपी ने डीएसपी मुख्यालय और थाना प्रभारी के साथ छत पर की बैठक
पुलिस हिरासत में मौत होने से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। एसपी शशांक कुमार सावन किला थाना पहुंचे। थाने में मौजूद डीएसपी मुख्यालय सतीश वत्स और थाना प्रभारी महिपाल के साथ छत पर बैठक की। इसके बाद मामले में निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई करने के आदेश दिया। डीएसपी शहर वीरेंद्र सैनी, शहर थाना प्रभारी सुनील कुमार, सेक्टर 13-17 थाना प्रभारी सुनीता और अन्य पुलिसकर्मी सिविल अस्पताल पहुंचे। हंगामा कर रहे परिजनों को डीएसपी वीरेंद्र सैनी ने आश्वासन देकर शांत कराया।
---
एक दिन पहले भी अयूब को थाने बुलाया था
अयूब के तीन बेटे सलमान, फैजान और बिलाल और तीन बेटियां इमराना, नजराना और बौली हैं। आयूब की बेटी इमराना की शादी इरशाद के बड़े भाई नूर मोहम्मद के साथ हुई है। फैजान ने बताया कि पिता को सोमवार दोपहर दो बजे भी पुलिस ने थाने बुलाया था, जहां पर पूछताछ की गई थी। करीब एक घंटे के बाद पिता को पुलिस ने छोड़ा था।
परिजनों की ओर से शिकायत मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जांच जो भी दोषी होगा, उन सबके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। - शशांक कुमार सावन, एसपी पानीपत
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें