समालखा। राजकीय प्राथमिक पाठशाला के प्रांगण में जन स्वास्थ्य विभाग के नलकूप के लिए बन रहे कमरे का लेंटर बुधवार को शटरिंग निकालते ही उखड़ गया। बाद में मिस्त्री ने दीवार और लेंटर के बीच में आए गैप को पलस्तर कर छिपा दिया।
जन स्वास्थ्य विभाग का माता पूली रोड स्थित राजकीय प्राथमिक पाठशाला में नलकूप लगा था। इसका बोर कुछ समय पहले फेल हो गया था।
इसके चलते विभाग ने पास में ही दूसरा बोर करवाकर नलकूप लगाया था। करीब एक सप्ताह पहले नलकूप का कमरा बनाकर उस पर लेंटर डाला था। बुधवार को शटरिंग निकलाने के दौरान लेंटर उखड़ गया। इसके कारण दीवार और लेंटर में काफी गैप आ गया था।
इसको देखते हुए वहां काम कर रहे ठेकेदार ने मिस्त्री की सहायता से दीवार और लेंटर के गैप को सीमेंट से पलस्तर करवाकर छिपाने के प्रयास में जुट गए।
आसपास के दुकानदारों का कहना है कि शटरिंग निकालते ही लेंटर का दीवार से अलग हो जाना कमरा निर्माण में घटिया सामग्री के प्रयोग की तरफ संकेत करता है।
लोगों ने कहा कि विभाग को इसकी जांच करानी चाहिए। वहीं ठेकेदार गुलबहार का कहना है कि लेंटर उखड़ा नहीं था बल्कि शटरिंग निकालने के बाद मोगे भरने के लिए सीमेंट से पलस्तर किया है।
इस बारे में जन स्वास्थ्य विभाग के एसडीओ संजय शर्मा का कहना है कि उन्होंने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया है। जो कमी है उसे दूर किया जाएगा और इसके लिए ठेकेदार को कहा है।