पानीपत। राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जीटी रोड के छात्र शुभम ने प्रदेश स्तरीय कानूनी साक्षरता प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल किया है। छात्र ने पावरपॉइंट प्रस्तुति से विषय को प्रमुखता से उठाया था। प्रतियोगिता राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल कुरुक्षेत्र में आयोजित की गई थी। दो दिवसीय राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का सोमवार को समापन हुआ है।
जिला विज्ञान विशेषज्ञ संदीप कुमार ने बताया कि करनाल में शुक्रवार को आयोजित मंडल स्तरीय प्रतियोगिताओं में जिले के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मंडल स्तर पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई थी। विशेष रूप से स्किट प्रतियोगिता में जिले के विद्यालयों ने प्रथम, द्वितीय और तृतीय तीनों स्थान हासिल किया था, इसके अलावा अन्य विधाओं में भी जिले के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी जिले के सभी विद्यार्थियों का प्रदर्शन सराहनीय रहा।