सनौली। जलालपुर गांव स्थित प्रसिद्ध ऐतिहासिक श्री काली सिंह बाबा धाम पर रविवार को चढ़ावा उठाने को लेकर दो पक्षों में विवाद को लेकर धक्का-मुक्की हो गई। सनौली थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ धाम पर पहुंचे। दोनों पक्षों को श्री काली सिंह बाबा धाम के चढ़ावे से दूर कर दिया गया। पहले प्रसाद गांव की गोशाला में दिया जाता था अब सनौली खुर्द गोशाला में देने पर दोनों पक्ष सहमत हो गए हैं।
श्री काली सिंह बाबा धाम पर सुबह करीब चार बजे जोगी समाज के लोग महिलाओं सहित बैठ गए। कुछ देर बाद श्री काली सिंह देवता चेरिटेबल ट्रस्ट के फाउंडर नवीन रावल नंबरदार सदस्यों सहित धाम में पहुंचा तो उन्होंने धाम पर बैठे जोगी समाज के लोगो को उठने को कहा तो दोनों पक्षाें में विवाद हो गया। साथ ही धक्का-मुक्की होने पर महिलाएं भी हंगामा करने लगीं। जिसकी सूचना 112 पुलिस टीम व सनौली थाना प्रभारी वेदपाल को दी गई। सनौली थाना प्रभारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पहुंचकर सभी को धाम से दूर हटा दिया और एक पुलिस कर्मी की धाम के अंदर चढ़ावा वाले स्थान पर तैनात कर दिया।
जोगी समाज पक्ष के लोगों ने सनौली थाना प्रभारी वेदपाल को कहा कि श्री काली सिंह देवता धाम के चढ़ावा को जलालपुर गांव की गोशाला में न भेज कर इसे सनौली खुर्द वाली गोशाला में दिया जाए। इस पर श्री काली सिंह देवता ट्रस्ट फाउंडर नवीन रावल नंबरदार ने कहा कि उन्हें इस बात पर कोई एतराज नहीं है। पहले प्रसाद गांव की गोशाला में दिया जाता था अब सनौली खुर्द गोशाला में देने से सहमत हैं। इसलिए विवाद न करें। जिसके बाद सभी की सहमति के बाद एकत्रित सामान को सनौली खुर्द गोशाला में भिजवा दिया गया।
सनौली थाना प्रभारी वेदपाल का कहना है कि पिछले करीब एक साल से श्री काली सिंह बाबा धाम पर दो पक्षों में चढ़ावे में आने वाला प्रसाद को लेकर विवाद चल रहा हैं। विवाद न बढ़े इसको लेकर पुलिस सहित भारी पुलिस बल सहित सुरक्षा को लेकर तैनात है। बाबा धाम पर आने वाले चढ़ावा प्रसाद को दोनों पक्षों की सहमति से अब सनौली गोशाला में भेजा गया है।