- निशचिंत सागर महाराज ने शिलान्यास की तिथि तय की
संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। जैन मोहल्ला में करीब 200 वर्ष पुराने श्री दिगंबर जैन बड़ा मंदिर जैन मोहल्ला का पुनर्निर्माण किया जाएगा। इसका शिलान्यास 27 नवंबर को श्री दिगंबर जैन पंचायत की ओर से किया जाएगा। इसके मूर्त रूप में आने के बाद मंदिर और आकर्षण का केंद्र बनेगा।
संत शिरोमणि आचार्य विद्यासागर महाराज के शिष्य श्री 108 निशचिंत सागर महाराज ने मंगलवार को पुष्प नक्षत्र के पावन योग पर शिलान्यास की तारीख तय की। उन्होंने कहा कि यह पानीपत जैन समाज का सौभाग्य है कि आज यहां पर एक 200 वर्ष प्राचीन जिन मंदिर का नवनिर्माण होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि 27 नवंबर को शिलान्यास महोत्सव भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा।
श्री दिगंबर जैन पंचायत के अध्यक्ष सुनील जैन ने बताया कि श्री दिगंबर जैन भगवान महावीर जिनालय लगभग 200 वर्ष पहले जैन मोहल्ले में बनाया गया था। मंदिर का समय-समय पर जीर्णोद्धार भी होता रहा परंतु आज मंदिर की व्यवस्था के अनुरूप मंदिर का नवनिर्माण होना जरूरी था। अधिवक्ता मेहुल जैन ने बताया कि महाराज का प्रवास पहली बार पानीपत को मिला है। इस मंदिर में 12वीं व 14वीं शताब्दी की भी प्रतिमा विराजमान हैं। इस अवसर पर श्री दिगंबर जैन पंचायत के सचिव मनोज जैन, उप प्रधान सुरेश जैन, कोषाध्यक्ष सुशील जैन, दिनेश जैन, मुकेश जैन, कुलदीप जैन, नरेंद्र जैन, विभोर जैन व मनोज जैन मौजूद रहे।