पुलिस की गिरफ्त में लूट की झूठी सूचना देने वाले व्यापारी। पुलिस
पानीपत। रोशन महल निवासी दुकानदार राघव सिंगला ने ऑनलाइन क्रिकेट में दो लाख रुपये गवां दिए। दुकानदार ने परिजनों के डर से गन प्वाइंट पर लूट की कहानी बनाकर पुलिस को सूचना दे दी। व्यापारी ने पुलिस को बताया कि जीटी रोड पर खादी आश्रम के पास दुकान पर जाते हुए दो मोटरसाइकिलों पर आए चार बदमाशों ने गन प्वाइंट पर दो लाख रुपये की नकदी लूट ली थी। नए साल की पहली सुबह दो लाख रुपये की लूट की सूचना पर पुलिस टीम में खलबली मच गई। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी तो उस समय रोड पर इस तरह की कोई हलचल नजर नहीं आई। जिससे पुलिस को कुछ शक हुआ। सीआईए-1 की टीम ने दुकानदार से सख्ती से पूछताछ की तो उसने दो घंटे बाद ही झूठी सूचना देना स्वीकार कर लिया। आरोपी व्यापारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
राघव सिंगला ने पुलिस को बताया कि उनकी सब्जी मंडी में दुकान है और वह मनी ट्रांसफर करने का काम करते हैं। वीरवार सुबह करीब सवा आठ बजे पुलिस को 112 नंबर पर कॉल कर लूट की सूचना दी। शिकायत में उसने बताया कि सुबह दुकान पर जाते समय जैसे ही वह अपनी एक्टिवा से जीटी रोड पर खादी आश्रम के पास पहुंचे तो दो मोटरसाइकिल पर आए बदमाशों ने उसका रास्ता रोक लिया। एक ने पिस्तौल ली हुई थी और दो के हाथ में चाकू थे। उन्होंने उससे दो लाख रुपये लूट लिए। वे उससे एक्टिवा की चाबी और बैग भी ले गए। सुबह ही दो लाख रुपये लूट की सूचना मिलते ही चांदनीबाग थाना पुलिस के साथ सीआईए की टीमें मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने राघव से घटना की पूरी जानकारी ली। पुलिस ने घटना स्थल के पास के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली। इसके अलावा मलिक पेट्रोल पंप, अनाज मंडी कट, खादी आश्रम कट, सेक्टर-25 कट पर लगे सीसीटीवी की जांच की गई। किसी भी कैमरे में लूट की गतिविधि नजर नहीं आई तो पुलिस को शक हुआ। पुलिस ने शक के आधार पर राघव सिंगला से दोबारा फिर से पूछताछ की तो उसने झूठी सूचना देना स्वीकार कर लिया।
ऑनलाइन क्रिकेट में हार गया था दो लाख रुपये
राघव सिंगला से पूछताछ की गई। जिसमें उसने स्वीकार किया कि वह 30 दिसंबर को ऑनलाइन क्रिकेट गेम में दो लाख रुपये हार गया था। परिजनों की डांट से बचने के लिए उसने लूट की कहानी बनाई और सुबह दुकान पर जाते समय लूट की सूचना पुलिस को दे दी। वारदात को सच दिखाने के लिए बैग व स्कूटी की चाबी कुछ मीटर आगे जीटी रोड किनारे झाड़ियों में फेंक दी थी। पुलिस ने झूठी शिकायत देने पर राघव सिंगला को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ थाना चांदनीबाग में बीएनएस की धारा 217 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
हर्षित गोयल, एएसपी।