रविदास नगर में नीचे गिरा ट्रांसफार्मर। संवाद
पानीपत। सनौली रोड सब डिवीजन के अंतर्गत रविदास नगर में पिकअप की टक्कर लगने से बिजली का ट्रांसफार्मर नीचे गिर गया। इस दौरान कॉलोनी के 500 घरों में बुधवार की रात करीब छह घंटे तक बिजली गुल रही। बिजली आपूर्ति ठप होने से कॉलोनीवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बिजली निगम ने पिकअप चालक के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह हादसा बुधवार शाम करीब चार बजे का है। पिकअप की टक्कर लगने से 200 केवीए का ट्रांसफार्मर नीचे गिर गया। इससे कॉलोनी की बिजली गुल हो गई। स्थानीय लोगों ने बिजली निगम अधिकारियों को सूचना दी। बिजली कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर ट्रांसफार्मर को दोबारा ऊपर रखने का कार्य शुरू किया। इसके बाद करीब दस बजे बिजली आपूर्ति सुचारु की जा सकी। सनौली रोड सब डिवीजन की एसडीओ अंजलि ने बताया कि पिकअप मालिक से विभागीय नुकसान की भरपाई की जाएगी। जेई को एस्टीमेट बनाने को कहा गया है।