पानीपत। जाटल रोड सैन कॉलोनी में युवाओं को नशा करने से रोकने पर आरोपियों ने दुकानदार पर हमला कर दिया। उसकी डंडों से जमकर पिटाई की। बेहोश होने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पीड़ित को होश आया तो उसकी जेब से 43500 रुपये भी चोरी थे। पीड़ित की शिकायत पर पुराना औद्योगिक थाने की पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
सोंधापुर गांव निवासी दरियाव सिंह की सैन कॉलोनी में दुकान है। दुकान के सामने कश्यप कॉलोनी निवासी अजय का सैलून है, जिसमें कई युवक बैठकर बीड़ी-सिगरेट आदि का नशा करते हैं। उसने एक-दो बार उन्हें रोका था। 26 अगस्त की शाम बजे वह अपनी दुकान पर किराया लेने गया था। वह अपनी दुकान के सामने बैठा था, इसी बीच अजय व अन्य 10 युवकों ने मिलकर उस पर जानलेवा हमला कर दिया। एक युवक ने उसकी कमर तो दूसरे ने बाजू व सिर पर डंडे से हमला किया, जिससे वह बेहोश हो गया। जब उसे होश आया तो उसकी जेब से 43500 रुपये भी चोरी मिले। स्थानीय लोगों ने उसे सामान्य अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद उसने एक निजी अस्पताल में इलाज कराया और मामले की शिकायत पुराना औद्योगिक थाना पुलिस को दी।