फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Panipat News: पाकिस्तान में बैठकर शहजाद भट्टी ने रची थी बलदेव नगर थाने में धमाके की साजिश

Sun, 18 Jan 2026 01:40 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, पानीपत
विज्ञापन
विज्ञापन
अंबाला। कार में गैस सिलिंडर और विस्फोटक रखकर बलदेव नगर थाने को उड़ाने की साजिश पाकिस्तान में बैठकर अपराधी शहजाद भट्टी ने रची थी। सीआईए-1 और एसटीएफ की संयुक्त जांच में यह सामने आया है। जांच में शहजाद भट्टी और थाने में कार खड़ी करने के आरोपी कार चालक पटियाला निवासी कर्मजीत की चैटिंग मिली है जिसमें इस घटना का जिक्र किया गया है। इन चैटिंग को पुलिस अधिकारियों ने रिकवर कर लिया है। अपराधी शहजाद भट्टी आईएसआई के साथ मिलकर भारत में दहशत फैलाने का काम रहा है।
विज्ञापन

शनिवार को कार चालक कर्मजीत को सीजेएम कोर्ट में पेश किया गया जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस ने कोर्ट को बताया कि आरोपी से जो पूछताछ और निशानदेही का काम होना था वह पूरा कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, 10 जनवरी को दोपहर 1:45 बजे बलदेव नगर थाने में धमाके की आवाज सुनाई दी थी। जब थाने की पार्किंग में देखा तो डीएल 3सीएजेड 6651 नंबर की सफेद रंग की मारुति 800 कार थाने में खड़ी थी और उसमें से धुआं निकल रहा था। एसआई ने बम डिस्पोजल टीम और सीन ऑफ क्राइम टीम को बुला लिया। इसके बाद थाने में सीसीटीवी फुटेज चेक की तो 1:39 बजे एक युवक थाने में कार खड़ी कर उसमें से उतर रहा था। वह हाथ में मोबाइल फोन लेकर थाने में घूम रहा था। इसके बाद गेट के पास उसने फोन कान पर लगा लिया। इस दौरान वह किसी को इशारा भी कर रहा था।
सीसीटीवी में ठीक इसी समय कार की डिग्गी से धुआं निकलता हुआ और आग दिखाई दी। इसी दौरान पुलिस अधिकारियों को पता चला कि कार में धमाका करने के लिए किसी ने सिलिंडर और विस्फोटक रखकर साजिश रची थी। मामले में एफआईआर के दौरान ही सीन ऑफ क्राइम टीम ने मौके से जले हुए कार के सीट कवर के टुकड़े, रूई और तीन छोटे सिलिंडरों को बरामद कर लिया जिनमें तीन-तीन किलो एलपीजी थी।
विज्ञापन




आरसी व टोल प्लाजा के साक्ष्यों से कर्मजीत तक पहुंची पुलिस



इसके बाद पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया। जांच अधिकारियों को आरसी, टोल प्लाजा से जुड़ी तफ्तीश से आरोपियों के होटल में रुकने की जानकारी मिली। होटल गोल्डन आर्चिड और जग्गी सिटी सेंटर स्थित होटल एनएन में जांच करने पर सीसीटीवी फुटेज और आईडी भी बरामद हो गई। ऐसे में कार चालक आरोपी पंजाब के पटियाला स्थित गुरबक्श कॉलोनी निवासी कर्मजीत सिंह उर्फ टोनी की पहचान हो गई और उसे किराये के घर से गिरफ्तार कर लिया गया।

कार चालक के गिरफ्तार होते ही जुड़ती गईं कड़ियां

कार चालक कर्मजीत उर्फ टोनी को तीन दिन के रिमांड पर लेकर जब जांच अधिकारियों ने पूछताछ की तो पूरी घटना साफ हो गई। आरोपी ने पूछताछ में पंजाब के फिरोजपुर जिला स्थित गांव फत्तूवाला निवासी आकाश और उसका भाई सौरभ उर्फ सोबी के शामिल होने की बात कबूली। उन्हें टीम ने फिरोजपुर कैंट के सामने होटल राजा गेस्ट हाउस से काबू किया। इसके बाद दोनों भाइयों ने कबूल किया कि उन्हें सिग्नल एप के माध्यम से धमाका करने का काम दिया गया था, जिसके उन्हें अच्छे रुपये मिलने वाले थे।

शहजाद भट्टी से जुड़ी चैट मिली

सीआईए-1 की टेक्निकल टीम को मोबाइल डंप की लोकेशन भी गुरबक्श कॉलोनी पटियाला की मिली थी। ऐसे में वारदात के समय कार चालक कर्मजीत ने इसी लोकेशन से अपने वीवो फोन का प्रयोग किया था। आरोपी के फोन व सिम को यहां जब्त कर लिया गया और मोबाइल में अनुसंधान शुरू कर लिया गया। मोबाइल काे देखने के बाद और चैट रिकवर करने के बाद पता चला कि कर्मजीत आरोपी शहजाद भट्टी के संपर्क में था और लगातार बातें कर रहा था। आरोपी ने बताया कि सौरभ और आकाश होटल एनएन और वह बलदेव नगर स्थित होटल आर्चिड में रुका था।

नन्हेड़ा में टाउन पार्क के सामने मिले सुबूत

कैंट के नन्हेड़ा से आरोपियों ने तीन छोटे सिलिंडर खरीदने के बाद कार में इन्हें प्लांट किया था। आरोपी आकाश से जब सीआईए-1 ने निशानदेही कराई तो उसने नन्हेड़ा स्थित सेक्टर-34 के टाउन पार्क के सामने फेंकी गई एलसीडी टीवी व एक सफेद रंग की सीट बरामद कराई। इसको अल्ट्रा टेक की टेप से चिपकाया गया था। इन सभी साक्ष्यों को सबूत के तौर पर जमा कर लिया गया।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें