पानीपत। सेक्टर-18 स्थित एचएसवीपी कार्यालय में संपदा अधिकारी प्रदीप हुडा ने शुक्रवार को सेक्टर वासियों को आ रही परेशानी के समाधान के लिए आरडब्ल्यू के सदस्यों के साथ बैठक की।
प्रदेश हुडा सेक्टर फेडरेशन के सदस्य एसके त्यागी की अगुवाई में सभी प्रधानों ने बैठक में भाग लिया। ईओ ने सेक्टरवासियों को समस्या समाधान के आदेश दिए।
बैठक में संयोजक बलजीत सिंह ने सेक्टर-7 और 8 में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के कार्य को जल्द पूरा कराने का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि सफाई से लेकर नालों के ओवरफ्लो होने की समस्या से सेक्टर वासियों को पिछले काफी समय से परेशानी उठानी पड़ रही है। इससे सेक्टर वासियों में अधिकारियों के खिलाफ रोष बना हुआ है। वरिष्ठ सदस्य एसके त्यागी ने बताया कि सेक्टर-6 में विभाग द्वारा एक अंडरग्राउंड पानी का टैंक बनाया था। इसका उद्देश्य इसमें से पानी साफ होकर सेक्टर वासियों को मिलना था, लेकिन अधिकारियों की अनदेखी के कारण सिस्टम चालू नहीं हो पाया है।