पानीपत। करनाल के गांव टिकरी के प्रमोद की हत्या के दूसरे आरोपी अतोलापुर गांव निवासी सागर पुत्र गोविंद को आरोपी सूरज की निशानदेही पर गिरफ्तार कर लिया। दोनों ने हत्या में प्रयुक्त बाइक भी बरामद कर ली है। सीआईए वन ने दोनों आरोपियों को वीरवार को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। सीआईए वन ने सोमवार रात को सूरज को अतोलापुर गांव के पास से गिरफ्तार किया था।
सीआईए-वन प्रभारी राजपाल सिंह ने बताया कि करनाल के गांव टिकरी निवासी प्रमोद पुत्र महाबीर की हत्या के दूसरे आरोपी में गांव अतोलापुर निवासी सागर पुत्र गोविंद को भी गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में उसने बताया कि तीन फरवरी की रात गांव जौरासी के पास प्रमोद की गला दबाकर हत्या कर दी थी। उनकी प्रमोद के साथ शराब के नशे में कहासुनी हो गई थी। उन्होंने पट्टीकल्याणा गांव के पास तीनों ने शराब पी थी। शराब के नशे में प्रमोद उन्हें गोलियां दे रहा था। कई बार मना करने पर भी प्रमोद नहीं माना इसलिए उसकी हत्या कर शव को खेत में फेंक दिया था।
अपनी बहन के घर अतोलापुर आया था प्रमोद
प्रमोद के पिता महाबीर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि बेटा अपनी बहन के घर गांव अतोलापुर आया था। तीन फरवरी को वो वापस घर जाने के लिए निकला था। सुबह उसका शव खेतों में मिला। पुलिस पूछताछ में पता चला है कि प्रमोद ने आरोपी सूरज और उसके दोस्त के साथ अतोलापुर गांव के पास शराब पी थी। फिर जौरासी गांव के पास उनका झगड़ा हो गया। सूरज व सागर ने प्रमोद की हत्या कर दी।