इसराना। एसडीएम नवदीप नैन ने इसराना में हाईवे की सर्विस लेन पर अतिक्रमण को हटवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गंदे पानी की निकासी के लिए नालों की सफाई व्यवस्था को लेकर मिल रही शिकायतें का जल्द समाधान होगा।
मंगलवार को एसडीएम नवदीप नैन ने अपने कार्यालय में प्रेसवार्ता की। उन्होंने कहा कि इसराना में सर्विस लेन पर रेहड़ी वालों व दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण के समाधान के लिए एसडीओ व पुलिस को निर्देश दिए गए हैं। बाजार में सफाई व्यवस्था व नालों की सफाई कराने के लिए बीडीपीओ, ग्राम पंचायत व अन्य संबंधित विभाग को दिशा-निर्देश दिए गए हैं। अगस्त तक इसराना तहसील वाली बिल्डिंग तैयार हो जाएगी व पास में उपमंडल स्तर का लघु सचिवालय साढ़े छह एकड़ जमीन पर बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसराना में बनने वाले प्रस्तावित बस अड्डे के लिए भी काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति अपनी समस्या के लिए कार्यालय में आकर अपनी लिखित शिकायत लेकर मिल सकता है। समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से किया जाएगा।