माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। अनुसूचित जाति वर्ग के किसानों के लिए सरकार ने वर्ष 2025-26 के लिए ट्रैक्टर अनुदान योजना लागू की है। इसके अंतर्गत पात्र किसानों को 45 हॉर्स पावर व उससे अधिक क्षमता के ट्रैक्टर की खरीद पर तीन लाख रुपये तक का अनुदान प्रदान किया जाएगा।
यह जानकारी उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने दी है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार किसानों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। अनुसूचित जाति वर्ग के किसानों को आधुनिक कृषि यंत्र उपलब्ध कराकर उनकी उत्पादन क्षमता बढ़ाना इस योजना का मुख्य उद्देश्य है। उपायुक्त ने बताया कि प्रशासन यह सुनिश्चित करेगा कि योजना का लाभ पूर्ण पारदर्शिता के साथ वास्तविक और पात्र किसानों तक पहुंचे।
उप कृषि निदेशक डॉ. आत्मा राम गोदारा ने बताया कि अनुसूचित जाति वर्ग के किसान मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर पंजीकृत आवेदन कर सकते हैं। लाभार्थियों का चयन उपायुक्त की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय कार्यकारी समिति द्वारा लॉटरी प्रणाली के माध्यम से किया जाएगा।