पानीपत। सीआईए-2 की टीम ने नूरपुर गुजरान निवासी किसान रणबीर 60 की हत्या के मामले में आरोपी सत्यवान को मंगलवार शाम पानीपत-खटीमा हाईवे से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी सत्यवान ने बताया कि खेप में पानी चलाने के लिए खाल पर उनका विवाद हुआ था। जिस कारण रणबीर की हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी को दो दिन के रिमांड पर लिया है।
सीआईए-2 प्रभारी विरेंद्र ने बताया कि पुलिस ने सत्यवान से सख्ती से पूछताछ की। जिसमें उसने बताया कि वह पिछले पांच वर्षों से ठेके पर जमीन लेकर खेती कर रहा है। रणबीर का खेत भी उसके पड़ोस में ही है। 16 जुलाई की रात खेत सिंचाई के लिए बने खाल में पानी चलाने को लेकर उसकी रणबीर के साथ कहासुनी हो गई थी। इसी दौरान उसने परने से रणबीर का गला घोटकर हत्या कर दी थी।
बुधवार को पुलिस ने आरोपी को अदालत के सामने पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान हत्या में प्रयुक्त साइकिल व मृतक का मोबाइल फोन बरामद करने का प्रयास किया जाएगा।