पानीपत। गांव हथवाला के सरपंच नीरज त्यागी उर्फ टाटू की हत्या और उसके आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने का मामला बिगड़ता नजर आ रहा है। जिले के सरपंच पुलिस और प्रशासन की ढीली कार्रवाई के विरोध में लामबंद हो गए हैं। परिजनों ने पुलिस पर आरोपियों से मोटी रकम में मामला तय करने का आरोप लगाया है।
परिजनों के आरोपों के बाद पुलिस अधिकारियों में भी खलबली मच गई है। प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने इस मामले में दो दिन का समय मांगा है। समालखा और पानीपत खंड के सरपंच हथवाला के सरपंच नीरज त्यागी उर्फ टाटू की हत्या के मामले में कार्रवाई को लेकर मंगलवार को लघु सचिवालय पहुंचे और डीसी समीर पाल सरो और एएसपी बदन सिंह राणा से मिले।
सरपंचों ने कहा कि प्रशासन ने गत दिनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए दो दिन का समय मांगा था। लेकिन उनके आश्वासन को पांच दिन बीत गए हैं। प्रशासन और पुलिस इस मामले में गंभीर नहीं हैं। प्रशासन की अनदेखी से सरपंचों में रोष बढ़ता जा रहा है।
इस मामले में पूरे जिले के सरपंच एकजुट हैं और प्रशासन से सरपंच नीरज त्यागी के हत्यारोपियों की गिरफ्तारी जल्द करने की मांग कर रहे हैं। डीसी व एएसपी ने सरपंचों और ग्रामीणों से इस मामले दो दिन का समय और मांगा है।
इस मौके पर रिसालु सरपंच सुरेंद्र सिंह, उग्राखेड़ी राजेंद्र, करहंस सरपंच यशपाल, अजीत आट्टा और सरपंच अमजद मजीदी मौजूद रहे। नीरज त्यागी के परिजनों ने पुलिस पर मामले को मोटी रकम में सेट करने का आरोप लगाया है। श्रीभगवान त्यागी ने बताया कि उसके भाई नीरज त्यागी की एक जनवरी को हत्या कर दी थी।
दूसरे पक्ष के लोगों ने पुलिस अधिकारियों से सेटिंग कर रखी है। अधिकारी इस मामले में उनकी सुनवाई नहीं कर रहे। वे न्याय को लेकर गंभीर हो गए हैं और आरपार की लड़ाई लड़ेंगे।
श्रीभगवान त्यागी ने आरोपी पक्ष के लोगों पर गांव का माहौल खराब करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि आरोपी पक्ष के परिवार का एक सदस्य कई दिन पहले गांव में आया है। वह अपने परिवार के लोगों को एकजुट कर रहा है और इसको लेकर गांव में तनाव की स्थिति पैदा हो सकती है। आरोप है कि उन्होंने मंगलवार को उनके साथ आने वाले कई लोगों को धमकी भी दी है।