Sarpanch's son of Jalalpur I commits suicide by shooting him in the head with a licensed revolver
- फोटो : Panipat
गांव जलालपुर प्रथम के सरपंच के बेटे अनिल कुमार ने शुक्रवार सुबह 9 बजे अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से कनपटी पर गोली मार ली। पिता कमरे में गया तो बेटा जमीन पर खून से लथपथ हालत में पड़ा हुआ था। वह बेटे को निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने कमरे से रिवाल्वर को बरामद कर ली है। पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
गांव जलालपुर प्रथम के सरपंच रमेश कौशिक ने बताया कि उनके छोटे बेटे अनिल की मित्तल मेगा मॉल और इंसार बाजार में सरपंच कलेक्शन के नाम से रेडीमेड कपड़ों की दो दुकान है। शुक्रवार सुबह 9 बजे बेटा अनिल नहाकर दुकान पर जाने की तैयारी में था और नाश्ता कर छत पर बने कमरे में गया था। करीब 9:30 बजे वह छत पर पहुंचे तो कमरा खुला देख वह उसे बंद करने के लिए गए, जहां बेटा जमीन पर खून से लथपथ हालत में पड़ा हुआ था। पहले जमीन पर गिरकर सिर में चोट लगने की आशंका हुई, लेकिन उसके पास ही लाइसेंसी रिवाल्वर पड़ी थी। कनपटी पर गोली लगी हुई थी। जिसके बाद वह बेटे को सनौली रोड स्थित आईबीएम अस्पताल में लेकर गए, लेकिन हालत गंभीर देखते हुए उन्होंने बेटे को रेफर कर दिया। जिसके बाद वह बिशन स्वरूप कॉलोनी स्थित प्रेम अस्पताल में लेकर गए, जहां उपचार के दौरान बेटे की मौत हो गई।
भाई सुनील ने बताया कि अनिल का रिश्ता तय हो चुका था। डेढ़ माह बाद शादी थी। जिसके लिए मकान में मरम्मत का काम चल रहा था। वहीं परिवार के अन्य सदस्य भी शादी की तैयारियों में जुटे हुए थे।
सूचना मिलते ही सनौली थाना पुलिस और एसएसएल की टीम मौके पर पहुंची। रिवाल्वर को बरामद कर आगे की कार्रवाई शुरू की। वहीं दूसरी ओर पुलिस की दूसरी टीम सामान्य अस्पताल पहुंची और शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए कार्रवाई शुरू की। डीएसपी प्रदीप कुमार, थाना सनौली प्रभारी नवीन व एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और घटना स्थल का मुआयना किया। थाना सनौली प्रभारी नवीन कुमार ने बताया की अनिल के सिर में गोली लगी हुई थी। फिलहाल 174 के तहत कार्रवाई की गई है।