सरपंच प्रतिनिधि पर जमीनी विवाद के चलते हमलावर ने फायरिंग कर दी। दो गोलियां सरपंच प्रतिनिधि को लगी है जिससे वह गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है। वहीं, हमलावर मौके से फरार हो गया है।
थाना पुराना औद्योगिक क्षेत्र के सुताना गांव में जमीन खरीदने की रंजिश में सुताना गांव के सरपंच प्रतिनिधि को गांव के ही एक युवक ने गोली मार दी। हमलावर ने सरपंच प्रतिनिधि को दो गोली मारी। एक गोली सरपंच प्रतिनिधि के पेट में लगी। वहीं, एक गोली उसके पांव में लगी जिससे वह घायल हो गया। घायल को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हमलावर की तलाश के लिए दो टीमों का गठन किया गया है।
विज्ञापन
खेत में की फायरिंग
सुताना गांव का सरपंच प्रतिनिधि सोनू गुरुवार सुबह अपने खेत गया था जहां पर गांव के ही अश्वनी उर्फ कल्लू ने उस पर हमला कर दिया। कल्लू ने सोनू पर फायरिंग कर दी जिससे वह घायल हो गया। गोली की आवाज सुनकर आस-पास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। इसके बाद हमलावर वहां से फरार हो गया।
जमीनी विवाद का था मामला
वारदात की सूचना पर पुराना औद्योगिक थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घायल को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। उधर, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में पता चला है कि सोनू ने गांव में दो किल्ला जमीन खरीदी थी। यह जमीन गांव के ही एक व्यक्ति सतापल की थी। सतपाल ने जमीन मतलौडा के एक आढ़ती को बेच दी थी लेकिन, कब्जे के लिए उनके बीच विवाद चल रहा था। जिसके बाद आढ़ती ने जमीन को सोनू को बेच दिया था। आरोप है कि सतपाल के बेटे अश्वनी उर्फ कल्लू ने इसी रंजिश में सोनू को गोली मारी दी।