कोरोना की दूसरी खतरनाक लहर को देखते हुए नगर निगम ने शहर को सैनिटाइज करने का फैसला किया है। इसके चलते 26 वार्डों में 26 ट्रैक्टर व स्प्रे मशीन लगाई गई हैं। इनमें हाइप्रोक्लोराइड केमिकल भरकर हर वार्ड में स्प्रे किया जाएगा। इसकी शुरूआत मंगलवार से हो चुकी है। इसका उद्घाटन करने के लिए सांसद संजय भाटिया, विधायक, मेयर व कई पार्षद भी माडल टाउन के शिवाजी स्टेडियम में पहुंचे। निगम अधिकारियों ने बताया कि इस काम के लिए निगम करीब 16 लाख रुपये खर्च करने जा रहा है। निगम केमिकल अलग से खरीदेगा। इस खर्च में केवल ट्रैक्टर, स्प्रे मशीन और ट्रैक्टर चालक के साथ एक लेबर को हायर किया गया है, जिसका तकरीबन रोजाना का खर्च एक लाख रुपये के आसपास का होगा। एक ट्रैक्टर, स्प्रे मशीन और दो कर्मचारियों की प्रतिदिन की लागत करीब चार हजार रुपये रखी गई है।
बता दें कि बार-बार निगम के सभी पार्षदों की तरफ से शहर को सैनिटाइज करवाने की मांग उठती आई है। इसके बाद निगम ने इस काम के लिए टेंडर निकाला था। टेंडर खुलने के बाद सभी नियमों को पूरा करने वाली फर्म को काम अलॉट कर दिया गया है। जिसके बाद इसे शुरू भी करवाया जा चुका है।
मेयर ने फोड़ा नारियल, सांसद ने दिखाई हरी झंडी
सैनिटाइजेशन की शुरूआत करने के लिए निगम ने सभी ट्रैक्टरों और इनसे जुड़ी स्प्रे मशीनों को स्टेडियम के ग्राउंड में खड़ा किया था। इसके उद्घाटन में निगम ने सभी पार्षदों, मेयर विधायक और सांसद को न्यौता दिया। मेयर अवनीत कौर ने इसका उद्घाटन करते हुए नारियल फोड़ा और सांसद संजय भाटिया ने हरी झंडी दिखाकर इन ट्रैक्टरों को रवाना किया।