माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। करनाल से होकर गुजरने वाली ट्रेन नंबर 18310 संबलपुर एक्सप्रेस वीरवार को भी जम्मू तवी तक नहीं जाएगी। रेलवे प्रशासन ने इस ट्रेन के संचालन में अस्थायी बदलाव करते हुए इसे केवल अमृतसर तक ही चलाने का निर्णय लिया है।
उत्तर रेलवे के निर्देशों के अनुसार मंगलवार को यह ट्रेन इस रूट पर पूरी तरह रद्द रही। बुधवार को यह ट्रेन जम्मू तवी की बजाय अमृतसर से ही शुरू होकर संबलपुर तक गई। वीरवार को भी यही व्यवस्था रहेगी। बढ़ते रेल यातायात और ट्रैफिक दबाव को देखते हुए यह अस्थायी निर्णय लिया गया।
इस बदलाव के चलते करनाल सहित अंबाला, कुरुक्षेत्र, पानीपत और आसपास के जिलों के यात्रियों को जम्मू तवी, विजयपुर, हीरानगर, पठानकोट, दीना नगर, गुरदासपुर, धारीवाल और बाटला जैसे स्टेशनों तक सफर करने में परेशानी हुई। इन स्टेशनों के लिए यात्रियों को फिलहाल अन्य ट्रेनों या कनेक्टिंग रूटों का सहारा लेना पड़ेगा।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि लाइन पर बढ़े ट्रैफिक लोड को संभालने और समय पालन सुधारने के लिए यह कदम उठाया गया है। हालात सामान्य होने के बाद ट्रेन का संचालन फिर से पूर्व की भांति जम्मू तवी तक बहाल कर दिया जाएगा। यात्रियों को सलाह दी गई है कि यात्रा से पहले रेलवे की वेबसाइट, एनईटीएस मोबाइल एप्लीकेशन या हेल्पलाइन 139 से ट्रेन की ताजा स्थिति की जानकारी जरूर लें।