पानीपत। अब मॉडल टाउन में रामलाल चौक, देवी मंदिर से सलारगंज गेट तक की सड़क और वार्ड 16 में विकास नगर की मेन मार्केट रात को फैंसी लाइटों से रोशन हो सकेगी।
इसके लिए नगर निगम की ओर से करीब 84 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। निगम ने इन तीनों जगहों पर 79 फैंसी लाइटें और पोल लगवाने के काम का वर्क ऑर्डर जारी कर दिया है।
अधिकारियों का कहना है कि शहर के लोगों को नए साल पर इन लाइटों की सौगात मिल जाएगी। इससे शहर के लोगों को रात को अंधेरे की समस्या की परेशानी से तो राहत मिलेगी ही साथ में शहर का सुंदरीकरण भी हो सकेगा।
निगम अधिकारियों ने बताया कि वार्ड 20 के रामलाल चौक से कृष्णा डेयरी की ओर फुटपाथ पर कुछ जगह लाइटें नहीं लगी थी। यहां 5.99 लाख रुपये से छह पोल और लाइटें लगाई जाएंगी।
इस हिसाब से यहां लगने वाली प्रति लाइट की कीमत एक लाख रुपये से ज्यादा की रहेगी। इसके अलावा वार्ड नौ में देवी मंदिर से लेकर सलारगंज गेट की ओर जाने वाली सड़क भी फैंसी लाइटों की दुधिया रोशनी में जगमग होगी।
यहां 44.90 लाख से 38 लाइटों को लगाया जाएगा। यानी यहां प्रति लाइट की कीमत करीब 1.18 लाख की रहेगी। इसके अलावा वार्ड 16 विकास नगर की मार्केट में 33.16 लाख से 35 लाइटों को लगाने का काम शुरू होने जा रहा है। इन लाइटों की कीमत करीब 95 हजार प्रति लाइट रहेगी। निगम अधिकारियों ने इन सभी लाइटों के डिजाइन तैयार करवा लिए हैं।
इनमें रामलाल चौक वाली लाइटों के पोल फुटपाथ पर लगेंगे। इसलिए पोल पर दोनों ओर लाइटें लगाई जा सकेंगी। ठीक वैसे ही लाइटें होगी जो पहले से असंध रोड पर लगाई गई हैं।
इसके अलावा विकास नगर और देवी मंदिर की लाइटों के डिजाइन एक ओर किए गए हैं। विकास नगर की लाइटें एक तरह से सामान्य की तरह लगेंगी लेकिन देवी मंदिर रोड पर लगने वाली लाइटें अद्भुत डिजाइन की होंगी। इसमें पोल पर दो पाइप लगाई जाएंगी। इनके बीच में लेजर कट डेकोरेटिव ब्रैकट डिजाइन तैयार किया जाएगा। दोनों पाइप को ऊपर जोड़कर लाइट को लगाया जाएगा।
नगर निगम की इलेक्ट्रिकल विंग के जेई गौरव कुमार ने बताया कि लाइटों का डिजाइन तैयार हो चुका है। एजेंसी को वर्क ऑर्डर जारी कर दिया गया है। अब इनका काम शुरू किया जाएगा। सभी लाइटों में सामान ब्रांडेड कंपनी का लगाया जाएगा। काम गुणवत्तापूर्वक पूर होगा। कोशिश रहेगी कि इसे जल्द से जल्द पूरा कराया जाए। उम्मीद है कि जनवरी 2025 में इन लाइटों की रोशनी शहर के लोगों को मिल सके।
रामलाल चौक पर ऐसी लगेंगी लाइटें।