एनएसएस कार्यक्रम में मौजूद स्वयंसेवक व प्रोफेसर।
- फोटो : Panipat
पानीपत। एसडी पीजी कॉलेज में चल रहे कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी स्तर के एनएसएस कैंप में शुक्रवार को सुबह के सत्र में योग, प्राणायाम और ध्यान लगाने का प्रशिक्षण दिया गया। इसके बाद मेहंदी लगाओ प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग में एसडी पीजी कॉलेज के साहिल ने प्रथम, गुरु नानक खालसा कॉलेज यमुनानगर के ऋषभ ने द्वितीय और चिरंजीलाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय करनाल के राजू ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। महिला वर्ग में राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय अंबाला छावनी की मानसी ने प्रथम, दयाल सिंह कॉलेज करनाल की प्रीती कुमारी ने द्वितीय और एसडी पीजी कॉलेज की गीता देवी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
सांयकालीन सत्र में सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित की गईं। इसमें प्रतिभागियों ने गीत और नृत्य पेश किए। फिर कार्यकर्ताओं ने कॉलेज में श्रमदान करते हुए इसकी साफ-सफाई की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि इंडियन आयल कारपोरेशन इंडेन के मंडलीय एलपीजी हेड करनाल अभिषेक गौतम ने शिरकत कर युवा कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि इंधन में बढ़ती मांग और मंहगाई के चलते हमें एलपीजी गैस की बचत करना सीखना ही होगा। रसोई गैस की बर्बादी के कारण भी उसके दाम बढ़ते है। ऐसे में इसकी बचत करना बहुत जरूरी है। उन्होंने एलपीजी गैस को बचाने के लिए कुछ टिप्स भी दिए।
विशिष्ट अतिथि एलपीजी सेल्स मैनेजर करनाल से अतुष बध्याल, फॉरेंसिक विभाग मधुबन करनाल से वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी डॉ. नीलम आर्य और बंधु फायर और सेफ्टी विभाग थर्मल से अग्निचालक धर्मेंद्र सिंह ने भी कैंप में शिरकत की। कॉलेज प्रधान पवन गोयल, जनरल सेक्रेटरी तुलसी सिंगला, कोषाध्यक्ष विकुल बिंदल, प्राचार्य डॉ. अनुपम अरोड़ा, एनएसएस प्रभारी डॉ. राकेश गर्ग और डॉ. संतोष कुमारी ने मेहमानों का स्वागत किया। इस अवसर पर स्टाफ सदस्यों में डॉ. एसके वर्मा, डॉ. मुकेश पुनिया, डॉ. बलजिंदर सिंह, प्रो. सनी, प्रो. सोनिका, प्रो. हिमानी, प्रो. मनमीत सिंह, प्रो. मनोज कुमार, दीपक मित्तल आदि मौजूद रहे।