पानीपत। पहलगाम हमले के बाद एयर स्ट्राइक के बाद पैदा स्थिति को देखते हुए जिले में अलर्ट कर दिया है। इंडियन ऑयल की पानीपत रिफाइनरी, पानीपत थर्मल पावर स्टेशन और नेशनल फर्टिलाइजर में सुरक्षा व्यवस्था चौकस कर दी है। सीआईएसएफ के अधिकारी हर मामले की बारीकी से जांच कर रहे हैं। जिला में सुरक्षा और व्यवस्था बढ़ा दी है। चौक और चौराहों पर संदिग्ध लोगों पर नजर रखी जा रही है। इन सबके बीच स्वास्थ्य और दमकल विभाग ने अधिकारियों व कर्मचारियों की छुट्टी रद्द कर दी हैं। सबको वापस लौटने के आदेश दिए हैं। वहीं जिला नागरिक अस्पताल के आपातकालीन विभाग में दवा और इलाज के लिए सब तैयारी पूरी कर ली हैं।
पानीपत में इंडियन ऑयल की रिफाइनरी है। खुफिया विभाग के अनुसार यह पाकिस्तान के निशाने पर हैं। इसका बड़ा कारण पानीपत रिफाइनरी से उत्तर भारत और सेना के लिए इसी के डिपो से तेल की सप्लाई जाती है। वहीं इसके साथ नेफ्था क्रेकर प्लांट में प्लास्टिक का दाना बनता है। पानीपत थर्मल पावर स्टेशन में बिजली उत्पादन किया जाता है। ऐसे में यह इकाई भी सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। नेशनल फर्टिलाइजर लिमिटेड केंद्र सरकार का उद्योग है। तीनों की सुरक्षा सीआईएसएफ के पास हैं।
सीएमओ डॉ. विजय मलिक ने बताया कि चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ की छुट्टी रद्द कर दी हैं। सबको ड्यूटी पर लौटने और जिला मुख्यालय न छोड़ने बारे कहा गया है। जिला नागरिक अस्पताल में इलाज के पुख्ता प्रबंध किए हैं। दमकल विभाग के फायर अधिकारी गुरमेल ने बताया कि सभी कर्मचारियों की छुट्टी रद्द कर दी हैं।