पानीपत। जीटी रोड स्थित एचडीएफसी बैंक के पास मंगलवार सुबह सफारी गाड़ी बीच सड़क पर खराब हो गई। जिससे कुछ ही देर में जीटी रोड पर लंबा जाम लग गया। जाम में एक एंबुलेंस भी फंस गई। डायल 112 ने मौके पर पहुंचकर गाड़ी को एकतरफ कराया और यातायात पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को सुचारु किया।
जानकारी के अनुसार एक व्यक्ति अपनी सफारी गाड़ी में करनाल जा रहा था। वह सुबह करीब दस बजे एचडीएफसी बैंक के सामने पहुंचा तो गाड़ी के पिछले पहिये का एक्सल टूट गया। जिससे गाड़ी सड़क के बीचोबीच खड़ी हो गई। कुछ ही देर में जीटी रोड पर लंबा जाम लग गया। जिससे लोगों को करीब आधे घंटे तक जाम में फंसकर रहना पड़ा। इस दौरान एक एंबुलेंस भी जाम में फंस गई । लोगों की सूचना के बाद डायल 112 मौके पर पहुंची और मिस्त्री को बुलाया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद मिस्त्री ने गाड़ी को ठीक किया। जिसके बाद पुलिस ने गाड़ी को सड़क किनारे खड़ा कर जाम को खुलवाया।
यातायात के वेस्ट जोन प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि उनको एचडीएफसी बैंक के नजदीक एक गाड़ी के खराब होने की सूचना मिली थी। उन्होंने मौके पर मिस्त्री को बुलाया। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गाड़ी को हटाया गया। सबसे पहले जाम में फंसी एंबुलेंस को रास्ता खाली कर रवाना किया गया।