माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर पहली बार ग्रामीण अंचल में रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया जाएगा। सरदार 150 यूनिट मार्च पानीपत की इसराना और समालखा दो विधानसभा को जोड़ेगा। यह इसराना विस क्षेत्र के ग्वालड़ा गांव से शुरू की जाएगी और समालखा विस क्षेत्र के किवाना गांव तक पहुंचेगी। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल 8 नवंबर को होने वाली रन फॉर यूनिटी को झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
भाजपा जिलाध्यक्ष दुष्यंत भट्ट इसके लिए मंगलवार को जिला कार्यालय श्याम कमल के सभागार में मीडिया से रूबरू हुए। इससे पहले उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ इस पर चर्चा की। यात्रा के संयोजक पूर्व जिला महामंत्री कृष्ण छौक्कर को बनाया है। दुष्यंत भट्ट ने कहा कि देश राष्ट्रीय एकता अखंडता के अग्रदूत सरदार पटेल की 150 वी जयंती को रन फॉर यूनिटी व आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के रूप में मना रहा है। इसी कड़ी में आठ नवंबर को जिले के ग्वालड़ा गांव से रन फॉर यूनिटी व आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के तहत पदयात्रा निकाली जाएगी। यह किवाना तक पहुंचेगी। जिसमें आसपास के ग्रामीण, युवा, एनएसएस, एनसीसी, हिंदुस्तान स्काउट एवं गाइड्स जैसे संगठनों के स्वयंसेवक शामिल होंगे। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष नवीन भाटिया, नरेश बैनीवाल, चांद भाटिया, ओम दत्त आर्य, रेशमा राजपूत और कृष्ण दुग्गल मौजूद रहे।