पानीपत। जिले में ग्रैप-3 की शर्त लागू होने के बाद भी एक्यूआई कम नहीं हो पा रहा है। सभी विभाग नियमानुसार काम चलने का दावा कर रहे हैं लेकिन पिछले दिनों से एक्यूआई पर कोई असर नहीं दिख रहा है।
अब भी एक्यूआई 250 से 300 तक पहुंच रहा है। शनिवार को भी एक्यूआई 300 के आसपास रहा। हालांकि दिन के समय एक्यूआई 210 तक आ गया था। जिले में शनिवार सुबह एक्यूआई 210 पर रहा। इससे लोगों ने प्रदूषण से कुछ राहत की सांस ली।
दिन ढलने के साथ एक्यूआई फिर से बढ़ने लगा। शाम सात बजे तक एक्यूआई 257 पर पहुंच गया। रात होते-होते फिर से 300 के नजदीक पहुंच गया। ऐसे में लोगों को शाम के समय आंखों में जलन महसूस होने लगी और लोगों को सांस लेने में भी तकलीफ हुई। ऐसे में चिकित्सकों के पास मरीजों की संख्या बढ़ गई है। हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के एसडीओ कुलदीप सिंह ने बताया कि जिले में ग्रैप-3 की गाइडलाइन का प्रयोग किया जा रहा है।
कूड़े में लगाई जा रही आग : शहर में उद्योग लगातार चल रहे हैं। कई जगह मनमर्जी से भट्ठी चल रही हैं। फैक्टरी की चिमनी से निकलना धुआं पर्यावरण के लिए खतरा बन रहा है। वहीं कई जगह कूड़े में आग लगा दी जा रही है।
नगर निगम भी शनिवार को शहर में पानी का छिड़काव नहीं कर पाया। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और दूसरे विभाग किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। ऐसे में पर्यावरण प्रदूषण लगातार बढ़ रहा है।