कबड्डी प्रतियोगिता में विजेता टीम को सम्मानित करते आयोजक। कोच
पानीपत। कबड्डी चैंपियनशिप में मलिक स्पोर्ट्स एकेडमी ने प्रथम स्थान हासिल कर प्रतियोगिता को अपने नाम किया है। यह प्रतियोगिता शुक्रवार को बजरंग दल के सदस्यों द्वारा आर्य कॉलेज के इंडोर स्टेडियम में आयोजित की गई थी। जिसमें मलिक स्पोर्ट्स एकेडमी की टीम ने अंडर-17 टूर्नामेंट में तीरसमी गांव की टीम को 27-14 अंकों के अंतर से मात दी है। खिलाड़ी राजाखेड़ी गांव स्थित मलिक स्पोर्ट्स एकेडमी में कोच राजेश मलिक की देखरेख में अभ्यास कर रहे हैं। प्रतियोगिता में बेस्ट रेडर के खिताब से खिलाड़ी देव को नवाजा गया है। साथ ही बेस्ट कैचर का खिताब अमन मलिक ने अपने नाम किया है।
कोच राजेश मलिक ने बताया कि शुक्रवार को बजरंग दल द्वारा आर्य कॉलेज के इंडोर स्टेडियम में कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें मलिक स्पोर्ट्स एकेडमी के खिलाड़ियों ने तीरसमी गांव गन्नोर को हराकर खिताब अपने नाम किया है। उन्होंने बताया कि खिलाड़ी इससे पहले भी जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर पदक हासिल कर चुके हैं। खिलाड़ी पिछले तीन साल से कबड्डी का अभ्यास कर पसीना बहा रहे हैं। एकेडमी में गांव से ही नहीं बल्कि आसपास के गांवों के खिलाड़ी भी कबड्डी अभ्यास के लिए आते हैं। उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों ने हाल ही में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी प्रथम स्थान हासिल किया है। वह सुबह-शाम मैदान में पहुंचकर खिलाड़ियों को कबड्डी के गुर सिखा रहे हैं। जिसके फलस्वरूप खिलाड़ी अपने परिवार और गांव का नाम रोशन कर रहे हैं।