इसराना। कार सवार बदमाशों ने नौल्था गांव में रविवार रात पेट्रोल पंप के सेल्समैन कुनाल से गन प्वाइंट पर पांच हजार रुपये की लूट कर ली। बदमाशों ने पहले गाड़ी में दो हजार रुपये का पेट्रोल डलवाया था। इस दौरान सेल्समैन के साथ मारपीट भी की। लूटपाट की वारदात पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। थाना इसराना की पुलिस ने सेल्समैन की शिकायत पर लूट की धारा में केस दर्ज कर लिया है।
ब्राह्मण माजरा गांव के कुनाल ने पुलिस को बताया कि वह नौल्था गांव में किसान ऑटो पेट्रोल पंप पर बतौर सेल्समैन कार्यरत है। उसकी रविवार रात को पेट्रोल पंप पर ड्यूटी थी। रात करीब पौने नौ बजे बिना नंबर की एकक गाड़ी रोहतक की तरफ से आई। गाड़ी सवार युवकों ने दो हजार रुपये का पेट्रोल डलवाया। वह पेट्रोल डालने के बाद पैसे देने की कही तो दो युवकों के हाथ में पिस्तौल थी। जिन्होंने उसकी कनपटी व माथे पर पिस्तौल लगाई और तीसरे लड़के ने उसकी जेब में रखे करीब पांच हजार रुपये निकाल लिए। वे गाड़ी में बैठकर भाग गए। युवकों ने उसे थप्पड़ भी मारे।
थाना इसराना की पुलिस सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। जिसमें लूट की वारदात कैद मिली।
पुलिस सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की मदद से बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। थाना इसराना पुलिस के प्रभारी महिपाल ने बताया कि नाकाबंदी कर बदमाशों की धरपकड़ शुरू कर दी है। संवाद