माई सिटी रिपोर्टरपानीपत। शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने करीब आठ हजार ऑटो-ई-रिक्शा के संचालन को व्यवस्थित करने की तैयारी शुरू कर दी है।
जल्द ही ऑटो और ई-रिक्शा के रूट निर्धारित किए जाएंगे। इसके साथ ही ऑड-इवन व्यवस्था लागू करने और वाहनों को विशेष नंबर अलॉट करने के प्रस्ताव पर भी विचार किया जा रहा है।
पिछले साल ऑड-इवन व्यवस्था लागू की गई थी, लेकिन ऑटो यूनियन के विरोध के बाद इसे कुछ ही दिनों में वापस लेना पड़ा था। अब व्यवस्था को लागू करने से पहले उच्चाधिकारियों की कमेटी गठित की गई है। सोमवार को जिला सचिवालय सभागार में उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ और एसपी मेधा भूषण की मौजूदगी में ई-रिक्शा और ऑटो चालकों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई।
यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए उच्चाधिकारियों की कमेटी गठित करने का निर्णय लिया गया। कमेटी शहर में पंजीकृत और बिना पंजीकरण चल रहे ऑटो-ई-रिक्शा की स्थिति का अध्ययन कर रिपोर्ट देगी। उपायुक्त ने कहा कि शहर में वाहनों की बढ़ती संख्या के कारण यातायात का दबाव बढ़ रहा है।
पंजीकृत वाहनों को ही संचालन की अनुमति देने पर जोर रहेगा। निगम आयुक्त डॉ. पंकज ने बताया कि कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर ही वाहनों के संचालन का अंतिम निर्णय लिया जाएगा। अलग-अलग मार्गों पर वाहनों का दबाव कम करने के लिए रूट निर्धारित किए जाएंगे।
एसपी ने कहा कि निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने वाले ऑटो चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और भारी जुर्माना लगाया जाएगा।
ऑटो चालक दिनभर मेहनत कर परिवार का गुजारा करते हैं। प्रशासन हर बार नए नियम लागू करता है, इसलिए किसी भी तरह की मनमानी स्वीकार नहीं की जाएगी। -नरेश कुमार, प्रधान- ऑटो यूनियन