निर्मल कुटिया के पास बाइक पर घर लौट रहे युवक के साथ तीन बदमाशों ने मारपीट की और बाइक, पर्स व मोबाइल फोन लूटकर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। युवक पैदल अपने घर पहुंचा और परिजनों को घटना के बारे में जानकारी दी। वहीं किला थाना पुलिस में पीड़ित ने शिकायत दी, जिस शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में हनुमान कॉलोनी निवासी साहिल ने बताया कि वह 18 फरवरी को शाम आठ बजे अपने मौसेरे भाई सुहेल की बाइक लेकर चावला कॉलोनी से घर लौट रहा था। जब वह निर्मल कुटिया के पास शमशान घाट वाली गली में पहुचा तो वहां बाइक पर सवार तीन युवक मिले, जिन्होंने बाइक रुकवाई और मारपीट करनी शुरू कर दी। जबरदस्ती उसकी जेब से मोबाइल फोन, पर्स, एटीएम कार्ड निकाला और बाइक लूटकर लेकर फरार हो गए। आरोपियों ने जाने से पहले उसे मारने की धमकी दी। जांच अधिकारी एसआई सतनारायण ने बताया कि युवक की शिकायत पर तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।