सनौली। गांव कुराड़, धनसौली व सनौली कलां की लड़कियों के लिए पानीपत शहर में स्कूल, कॉलेज व कोचिंग सेंटर में आने-जाने के लिए रोडवेज द्वारा छात्राओं के लिए अलग से बस चलाई हुई थी लेकिन रोडवेज की छात्राओं वाली बस अब पिछले करीब 6 माह से बंद है।
इन तीन गांवों की छात्राओं को पानीपत शहर में आने के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रोडवेज बस बंद होने से परेशान छात्राओं के अभिभावकों ने सरपंच प्रतिनिधि टिंकू देशवाल, कपिल देशवाल ने मिलकर विधायक समालखा मनमोहन भड़ाना को गांव कुराड़ के लिए लड़कियों की बस चलाने की मांग-पत्र सौंपा हैं। मांग पत्र में सरकार, जिला प्रशासन व रोडवेज विभाग से छात्राओं वाली बस को दोबारा से चालू करने की मांग की गई।
सरपंच प्रतिनिधि टिंकू देशवाल, कपिल देशवाल ने बताया कि पहले छात्राओं के लिए अलग से बस लगाई गई थी। अब सिर्फ एक बस जाती है। इस बस में लड़कों व लड़कियों की इतनी ज्यादा भीड होती है कि लडकियों को बैठने के लिए जगह नहीं मिल पाती। छात्राओं को मजबूरन ऑटो आदि में बैठकर शहर में जाना पडता है।
ग्रामीणों नरेश, बलवान, जगबीर, मुकेश, रवींद्र शास्त्री धनसौली, राजेंद्र देशवाल, बलिंद्र और छात्राएं सुमन, बबीता, नेहा, सुमन, पिंकी, रेखा, मंजू, बबली, ममता, रजनी, शिखा आदि ने कहा कि रोडवेज बस पिछले करीब छह माह से बंद है, जिसके चलते तीनों गावों की छात्राओं को पानीपत स्कूल, कॉलेजों में आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड रहा है।
वहीं, गांव कुराड़ के समाजसेवी कपिल देशवाल के नेतृत्व में ग्रामीण विधायक मनमोहन भडाना से मिले और छात्राओं की बस को चालू करवाने की मांग की। विधायक ने आश्वासन दिया कि वे रोडवेज के पानीपत डिपो के जीएम विक्रम कंबोज से बात करेंगे और छात्राओं की बस की समस्या का समाधान करवाया जाएगा।