समालखा। समालखा में फ्लाईओवर पर पावर हाउस के सामने तेज रफ्तार रोडवेज बस ने एक मोटरसाइकिल सवार को कुचल दिया। हादसे के बाद बस चालक व परिचालक यहां से फरार हो गए। राहगीरों ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को बुलाया। पुलिस गंभीर रूप से घायल मोटरसाइकिल सवार को समालखा सामान्य अस्पताल में लेकर आई। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। समालखा थाना पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयानों पर शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। अब पुलिस ने आरोपी बस चालक पर केस दर्ज कर उसकी धरपकड़ शुरू कर दी है।
समालखा के कालीरामना पाना के वार्ड नंबर-सात निवासी अनिल कुमार (46) दो बच्चों का पिता था। वह एक निजी कंपनी में नौकरी करता था। अनिल रविवार सुबह आठ बजे मोटरसाइकिल पर ड्यूटी जा रहा था। समालखा में फ्लाईओवर पर पावर हाउस के सामने पीछे से आ रही तेज रफ्तार रोडवेज बस ने पीछे से उसकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में अनिल की मौत हो गई। रोडवेज बस बल्लभगढ़ से दिल्ली होते हुए अमृतसर जा रही थी। समालखा थाना पुलिस ने रोडवेज बस को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।