पानीपत थर्मल पावर स्टेशन से फ्लाईऐश यानी राख लेकर नोएडा जा रहा एक कन्टेनर वीरवार रात एक बजे को असन्ध रोड पर डीएवी स्कूल के पास संतुलन बिगड़ने की वजह से पलट गया। पलटने से उसमें आग लग गई, ड्राईवर अमरपाल निवासी नोएडा ने कंटेनर की खिड़की से कूदकर जान बचाई। दुर्घटना में ड्राइवर को काफी चोटे आई हैं, जिसे इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
ड्राइवर ने बताया कि वह थर्मल से राख भरकर नोएडा जा रहा था। रास्ते में संतुलन बिगड़ने की वजह से कंटेनर पलट गया और उसके केबिन में आग लग गई। उसने तुरंत मामले की जानकारी कंपनी मुनीम विनोद कुमार को दी। विनोद ने पुलिस व दमकल विभाग को सूचना दी। दमकल विभाग दो गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। स्थानीय लोगों ने ड्राइवर अमरपाल को पानीपत के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। आग लगने के कारण कन्टेनर का केबिन व अगले टायर जल गए। वहीं घायल ड्राइवर का अभी उपचार चल रहा है। चौकी प्रभारी थर्मल रमेश कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई थी और अब कन्टेनर को वहां से हटवाया जा रहा है।