जीटी रोड पुलिस लाइन के सामने तेज गति कार गड्ढे में पलटने से 20 दिन की नवजात बच्ची की मौत हो गई, जबकि माता-पिता गंभीर रूप से घायल हो गए और तीन साल का बच्चा बाल-बाल बच गया है। पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर शवगृह में रखवा दिया है। घायल माता-पिता का एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
सोमवार की शाम जीटी रोड पुलिस लाइन के सामने कार पलटने से विनय निवासी विकास नगर व उसकी पत्नी प्रवीण गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि उनकी 20 दिन की बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। तीन साल का एक बच्चा सुरक्षित है। बताया जा रहा है कि विनय कुमार सेक्टर 29 में एक फैक्टरी में काम करता है। वह सोमवार को कार में सवार होकर सोनीपत गया था। शाम को परिवार सहित पानीपत विकास नगर लौट रहा था। पत्नी प्रवीण बेटी साक्षी को गोद में लेकर अगली सीट पर बैठी थी। तीन साल का बेटा पीछे वाली सीट पर था। पुलिस लाइन के पास कार अनियंत्रित होकर सड़क के साथ नीचे गड्ढ़े में पलट गई। हादसे में 20 दिन की साक्षी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि विनय व उसकी प्रवीण गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने सभी को कार से बाहर निकाला और निजी अस्पताल में भिजवाया। मौके पर पहुंची सेक्टर 29 चौकी पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल में शवगृह में रखवाया। मंगलवार को बच्ची के शव का पोस्मार्टम होगा। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सेक्टर 29 चौकी प्रभारी रमेश कुमार ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। बच्ची के शव को शवगृह में रखवा दिया है। घायलों का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसा कार पलटने के कारण हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।