महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेती खिलाड़ी। संवाद
- फोटो : Archive
पानीपत। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा वीरवार को आर्य कॉलेज के खेल मैदान पर जिला स्तरीय महिला खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस अवसर पर 300 मीटर दौड़ में बिहौली की रितिका और 400 मीटर दौड़ में पट्टीकल्याणा की महक अव्वल रहीं। जिला कार्यक्रम अधिकारी (डीपीओ) सिमरन की देखरेख में आयोजित इस स्पर्धा में जिले के विभिन्न खंडों में आयोजित प्रतियोगिताओं की विजेता महिलाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। डीपीओ सिमरन ने सभी उत्कृष्ट खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक स्पर्धा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली विजेता को 4100 रुपये, द्वितीय स्थान हासिल करने वाली खिलाड़ी को 3100 रुपये तथा तृतीय स्थान पर रहने वाली प्रतिभागी को 2100 रुपये का नकद इनाम दिया गया है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों की महिलाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, जरूरत केवल उन्हें सही मंच प्रदान करने की है। उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि वे घर की चारदीवारी से बाहर निकलकर खेल, शिक्षा और रोजगार सहित हर क्षेत्र में आगे आएं। खेलकूद न केवल शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रखते हैं, बल्कि आत्मविश्वास भी बढ़ाते हैं।
ये रहे प्रतियोगिताओं के परिणाम
30 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की म्यूजिकल चेयर स्पर्धा में झांबा (बापौली) की शबाना प्रथम, ग्वालड़ा (इसराना) की कमलेश द्वितीय और जीतगढ़ (पानीपत ग्रामीण) की रेखा तृतीय रहीं। डिस्कस थ्रो में सौदापुर (मतलौडा) की कुसुम देवी पहले, सिवाह (पानीपत ग्रामीण) की राजबाला दूसरे और खोजकीपुर (बापौली) की मीनू तीसरे स्थान पर रहीं। 100 मीटर दौड़ में हरिनगर (पानीपत शहरी) की प्रीति ने पहला, गंजबर (पानीपत ग्रामीण) की सोनिया ने दूसरा और झांबा (बापौली) की जमीला ने तीसरा स्थान पाया। इसी तरह 30 वर्ष से कम आयु वर्ग की पांच किलोमीटर साइकिल रेस में भालसी (मतलौडा) की कविता रानी प्रथम, माजरा (बापौली) की शबनम द्वितीय और गढ़ी सिकंदरपुर (पानीपत ग्रामीण) की तमन्ना तृतीय रहीं। 300 मीटर दौड़ में बिहौली (बापौली) की रितिका ने पहला, पट्टीकल्याणा (समालखा) की दिव्या ने दूसरा और मतलौडा की खुशी ने तीसरा स्थान झटका। 400 मीटर दौड़ में पट्टीकल्याणा (समालखा) की महक प्रथम, भंडारी (मडलौडा) की कुलवंती द्वितीय और आदियाना (मतलौडा) की रिया तृतीय स्थान पर रहीं।
महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेती खिलाड़ी। संवाद- फोटो : Archive
महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेती खिलाड़ी। संवाद- फोटो : Archive