- पिछले सप्ताह बारिश से बढ़ने लगे डेंगू-मलेरिया समेत चिकनगुनिया के मरीज
- दो दिन में डेंगू-मलेरिया के एक-एक तो चिकनगुनिया के दो मामले सामने आए
- लगातार मामले बढ़ने विभाग हुए सचेत, संक्रमित क्षेत्रों में कराई जा रही फॉगिंग
संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। जिले में पिछले सप्ताह बारिश होने से डेंगू-मलेरिया के साथ चिकनगुनिया के मरीज भी बढ़ने लगे हैं। जिले में पिछले दो दिन में चिकनगुनिया के दो जबकि डेंगू-मलेरिया के एक-एक मामले सामने आए हैं। लगातार मामले बढ़ते देख स्वास्थ्य विभाग सचेत हो गया है और संक्रमित क्षेत्रों में फॉगिंग कराई जा रही है।
सोमवार को अशोक विहार कॉलोनी से 25 वर्षीय पुरुष मलेरिया संक्रमित मिला है। इनका जिला नागरिक अस्पताल में इलाज चल रहा है। इसके साथ इस साल मलेरिया मरीजों की संख्या 12 पहुंच गई है। वहीं डेंगू का अंसल से 39 वर्षीय पुरुष संक्रमित मिला है। इनका घर पर ही इलाज चल रहा है। वहीं डेंगू मरीजों की संख्या बढ़कर 57 हो गई है।
रविवार को चिकनगुनिया के दो मामले सामने आए हैं। एक उझा से 30 वर्षीय महिला और दूसरी विकास नगर से 62 वर्षीय महिला चिकनगुनिया संक्रमित मिली है। स्वास्थ्य निरीक्षक जसमेर सिंह ने बताया कि डेंगू-मलेरिया और चिकनगुनिया के शुरुआती लक्षणों में ठंड लगकर कंपकंपी के साथ बुखार होना, पसीने के साथ बुखार का उतर जाना, शरीर में दर्द रहना, सिरदर्द व उल्टी आना, छाती व ऊपर के हिस्सों में दानों का निकलना और मांसपेशियों में दर्द रहना है। व्यक्ति को शुरुआती लक्षणों में ही नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच करानी चाहिए और चिकित्सक के परामर्श अनुसार परहेज व दवा लेनी चाहिए। डेंगू-मलेरिया से बचाव के लिए सप्ताह में एक दिन सूखा दिवस अवश्य मनाना चाहिए। अब बदलते मौसम में सोते समय पूरी बाजू के कपड़े पहनने चाहिए।
वर्जन :
विभाग की टीम लार्वा एक्टिविटी करने के साथ लोगों को जागरूक भी कर रही है और संक्रमित क्षेत्रों में फॉगिंग कराई जा रही है।
डॉ. बिजेंद्र हुड्डा, जिला मलेरिया अधिकारी।