माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। इंसार बाजार समेत शहर के बाजारों में बैरिकेड्स और कमांडो की तैनाती शुक्रवार को दूसरे दिन ही ढीली पड़ गई। शहर के बाजारों में नो एंट्री के बाद रिक्शा और ई-रिक्शा बाजार में पहुंच गई। कमांडो की टुकड़ी भी पूरे दिन बाजार में नहीं नजर आई। जबकि दो टुकड़ी सराफा बाजार में लगाने का दावा किया गया था। वहीं मोटरसाइकिलों के चलते भी बाजार की स्थिति में कोई सुधार नजर नहीं आया है। संयुक्त व्यापार मंडल ने दुकानदारों की बाइकों के लिए पालिका बाजार की पार्किंग की मांग की है।
पुलिस ने वीरवार को इंसार बाजार में सुबह 10 से रात आठ बजे तक नो एंट्री लागू की थी। वहीं अमर भवन चौक बाजार को वन वे किया था। शुक्रवार को इंसार बाजार समेत आसपास के बाजारों का मौका मुआयना किया। सलारगंज गेट की तरफ दोपहर साढ़े 12 बजे केवल बैरिकेड्स ही लगे थे। यहां पुलिसकर्मी या होमगार्ड के जवान तैनात नहीं थे। लालबत्ती चौक पर केवल बैरिकेड्स की लगा मिला। गुरुद्वारा से चौड़ा बाजार रोड पर दो पुलिसकर्मी तैनात थे। एक रिक्शा चालक सामान उतारने अंदर जाने लगा। पुलिसकर्मियों ने उनको रोक दिया। वह करीब 15 मिनट तक पुलिसकर्मियों से आगे जाने की मांग करता रहा। वह इसके बाद अंदर दाखिल हो गया।
मोटरसाइकिलों से लग रहा जाम
इंसार बाजार में दुकानदार और दुकानों पर काम करने वाले कर्मी मोटरसाइकिल पर आ रहे हैं। दुकानों के बाहर पूरा दिन मोटरसाइकिल खड़ी रहती हैं। वहीं लोग भी खरीदारी करने मोटरसाइकिल पर पहुंच रहे हैं। वे दुकानों के बाहर मोटरसाइकिल खड़ी कर देते हैं। ऐसे में दोनों तरफ मोटरसाइकिल खड़ी होने से जाम की स्थिति पैदा हो रही है। ऐसे में बाजार में जाम की स्थिति पैदा हो रही है। संयुक्त व्यापार मंडल के महासचिव गौरव लीखा ने बताया कि पालिका बाजार की पार्किंग खाली रहती है। यह दुकानदारों को अपनी मोटरसाइकिल व दोपहिया खड़ी करने के लिए मिल जाएं तो स्थिति और बेहतर हो जाएगी।
बाजारों में नो एंट्री और वन-वे लागू है। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही नहीं की जाएगी। नाकों पर शनिवार से सख्ती बढ़ा दी जाएगी। दुकानदारों की बाइकों के लिए प्रशासन से बात की जाएगी।
सुरेश कुमार, डीएसपी यातायात।
बेरिकेट्स लगाने के बाद भी बाजारों में घूमती नजर आई ई-रिक्शा। संवाद- फोटो : udhampur news