हरियाणा स्कूल शिक्षा बोर्ड 10वीं बोर्ड कक्षा का रिजल्ट शुक्रवार शाम करीब 8 बजे घोषित कर दिया गया है। इस बार प्रदेश के टॉपर्स की लिस्ट में पानीपत के विद्यार्थी पिछड़ गए, लेकिन रिजल्ट बीते वर्ष के मुकाबले 6.73 फीसदी अधिक रहा। पानीपत में 17159 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी, जिनमें से 11002 को सफलता मिली। वहीं 1652 विद्यार्थियों को कंपार्टमेंट आई है जबकि 4505 विद्यार्थी परीक्षा उत्तीर्ण करने में असफल रहे।इस बार पानीपत 64.12 परीक्षा परिणाम के साथ प्रदेश में 14वें नंबर पर है। बोर्ड को उम्मीद थी कि पिछले साल की तुलना में में इस साल का रिजल्ट काफी अच्छा रहेगा और हुआ भी वैसा ही। इस बार का रिजल्ट 64.12 रहा, जबकि वर्ष 2019 में 57.39: प्रतिशत बच्चे पास हुए थे। बहरहाल 10वीं का रिजल्ट एचबीएसई बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर ही जारी किया गया है।
पिछले साल ऐसा रहा था प्रदेश का रिजल्ट
पिछले साल 10वीं की परीक्षा में 57.39 प्रतिशत स्टूडेंट्स पास हुए थे। हिमांशु, संजू, शालिनी और ईशा ने समान रूप से 99.4 प्रतिशत अंक हासिल करते हुए पूरे प्रदेश में टॉप किया था। इन चारों विद्यार्थियों ने 500 में से 497-497 अंक हासिल किए थे। हालांकि कोरोना वायरस के कारण परीक्षाएं प्रभावित हुई और ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि बोर्ड ने स्थिति को देखते हुए अंक निर्धारण में रियायत बरती होगी।
2019 में टॉप-3 में रहे थे पानीपत के तीन छात्र
वर्ष 2019 के रिजल्ट में टॉप-3 में पानीपत के तीन विद्यार्थी जगह बनाने में कामयाब हुए थे। लेकिन इस बार टॉप-3 में पानीपत जिले के एक भी विद्यार्थी का नाम नहीं है। ऐसे में, मेधवी विद्यार्थियों और अभिभावकों के साथ स्कूलों को थोड़ी निराशा हुई है।
स्कूल वार रिजल्ट स्कूल प्रबंधन आज करेंगी जारी
स्कूल प्रबंधनों की ओर से अपने स्कूल के टापरों का रिजल्ट शनिवार को जारी किया जाएगा। देर रात रिजल्ट जारी होने की वजह से स्कूलों की ओर से स्कूल स्तर रिजल्ट कंपाइल नहीं किया जा सका।