विद्यानंद कॉलोनी स्थित एक धार्मिक स्थल में सात युवकों ने घुसकर तोड़फोड़ कर दी। आरोपियों ने आधा घंटा तक धार्मिक स्थल पर जमकर उत्पात मचाया।
युवक लाठी-डंडों के साथ धार्मिक स्थल में दाखिल हुए थे। स्थानीय लोगों की सूचना पर थाना चांदनी बाग पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस को देखकर चार युवक मौके से फरार होने में कामयाब हो गए, जबकि तीन युवकों को मौके पर दबोच लिया। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना थाना चांदनी बाग के अंतर्गत विद्यानंद कॉलोनी की है। कुछ युवकों ने शुक्रवार देर शाम विद्यानंद कॉलोनी स्थित एक धार्मिक स्थल में घुसकर तोड़फोड़ कर दी।
जानकारी मिलते ही हज कमेटी के चेयरमैन डॉ. मुनीष अहमद अंसारी व बाबू खान समेत कई लोग मौके पर पहुंचे। वहीं थाना चांदनी बाग पुलिस भी मौके पर पहुंची।
पुलिस ने मौके से अविनाश, हरीश एवं प्रवीण निवासी विद्यानंद कॉलोनी को काबू कर लिया, जबकि चार अन्य आरोपी वहां से भाग निकले।
बाबू खान ने बताया कि शुक्रवार शाम छह बजे सात युवक लाठियों व डंडों के साथ धार्मिक स्थल में दाखिल हुए। सभी युवकों ने वहां जमकर तोड़फोड़ की।
कॉलोनी के लोग उनको देखकर भाग खड़े हुए। इस दौरान पानी की टंकी भी तोड़ दी। उन्होंने पुलिस से कार्रवाई की मांग की। इस मौके पर थाने में इरफान, तारीक, मोहम्मद रफीक, इरफान और साजिद मौजूद रहे।
पुलिस को सूचना मिली थी कि विद्यानंद कॉलोनी में कुछ युवक एक धार्मिक स्थल में घुसकर तोड़फोड़ कर रहे हैं। मौके पर पहुंचकर विद्यानंद कॉलोनी के तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया। तीन नामजद व चार अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। - अनिरुद्ध चौहान, प्रभारी थाना चांदनी बाग पानीपत