पानीपत। शहर में रेहड़ी व्यापारियों के लिए अलग मार्केट बनाई जाएगी। योजना के अनुसार शहर में स्थित तीन रेलवे पुलों (असंध रोड, जाटल रोड और गोहाना रोड) के नीचे छह रेहड़ी मार्केट व हाली पार्क के पास और सनौली रोड पुरानी सब्जी मंडी के पास इन व्यापारियों को स्थान दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त नगर निगम सर्वे के उपरांत चिह्नित किए नए स्थानों पर भी रेहड़ी मार्केट बनाई जाएगी।
पानीपत शहर विधायक प्रमोद विज ने इस विषय पर सोमवार को नगर निगम महापौर कोमल सैनी, आयुक्त डॉ. पंकज के साथ बैठक की। उन्होंने रेहड़ी मार्केट के लिए स्थान चिह्नित करने के आदेश दिए हैं। विधायक विज ने कहा कि शहर में अलग रेहड़ी मार्केट में व्यापारियों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी।
इनमें शौचालय, पंखा, रोशनी, बैठने की व्यवस्था आदि शामिल है। नई मार्केट में छाया के लिए शेड लगाया जाएगा ताकि विक्रेताओं को धूप और बारिश में परेशानी न हो। शहर में विभिन्न स्थानों पर रेहड़ी मार्केट बनने से शहर की भीतरी सड़कों से अतिक्रमण हटेगा और साथ ही यातायात व्यवस्था में भी सुधार होगा। वहीं गरीब रेहड़ी व्यापारियों को अपने काम के लिए उचित स्थान मिल सकेगा।
हाली पार्क झील चालू करने में लाएंगे तेजी : विधायक प्रमोद विज ने नगर निगम अधिकारियों से हाली झील में पानी लाने के बिंदुओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि झील में पानी लाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं और अगले तीन से चार दिन में निगम अधिकारी इस विषय में अपनी योजना से अवगत कराएंगे । इस दौरान शहर में विभिन्न विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई। इस मौके पर वार्ड 23 से पार्षद अनिल मदान, वार्ड 24 पार्षद सांची तनेजा, वार्ड 7 पार्षद अशोक कटारिया, वार्ड 9 पार्षद नवल जिंदल, वार्ड 10 पार्षद कमल अरोड़ा, दिनेश सैनी व वीरेंद्र तनेजा मौजूद रहे।