पानीपत। राष्ट्रीय छात्रवृत्ति योजना के तहत एससी व ओबीसी वर्ग के विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। जिन विद्यार्थियों का अब तक पंजीकरण नहीं हो पाया है, वे 28 तारीख तक पोर्टल पर अपना पंजीकरण करवा सकेंगे। इस संबंध में आदेश जारी कर दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण गुप्ता ने दो दिन पहले वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी पात्र विद्यार्थी की छात्रवृत्ति केवल पंजीकरण के अभाव में न रुके। उन्होंने कहा कि पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य है और इसमें लापरवाही किसी भी स्तर पर सहन नहीं की जाएगी।
निर्देश के अनुसार आईटीआई, कॉलेज व अन्य शिक्षण संस्थानों को यह सुनिश्चित करना होगा कि एससी व ओबीसी वर्ग का कोई भी पात्र विद्यार्थी पंजीकरण से वंचित न रहे। यदि निर्धारित तिथि तक पंजीकरण नहीं कराया गया तो संबंधित विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का लाभ नहीं मिल पाएगा, जिससे उनकी प्रोत्साहन राशि संकट में पड़ सकती है। प्रशासन की ओर से संस्थानों को निर्देश दिए गए हैं कि वे विद्यार्थियों और अभिभावकों को समय रहते सूचित करें तथा अधिक से अधिक विद्यार्थियों का पंजीकरण करवाकर योजना का लाभ दिलाएं। उधर, इस संबंध में जिला शिक्षाधिकारी राकेश बूरा का कहना है कि सभी स्कूल, कॉलेज व आईटीआई संस्थानों को स्पष्ट निर्देश जारी कर दिए गए हैं। संबंधित वर्ग के विद्यार्थियों का 28 फरवरी तक अनिवार्य रूप से पंजीकरण करवाया जाए। विद्यार्थियों के हितों को देखते हुए किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है।