कोहरे में सड़क हादसों की संख्या बढ़ने की आशंका को देखते हुए जिला पुलिस द्वारा जागरूकता अभियान शुरू किया गया है। वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाए जा रहे हैं। रविवार को 150 से अधिक वाहनों पर टेप लगाई गई। साथ ही वाहन चालकों को जागरूक भी किया गया।
डीएसपी सुरेश सैनी ने कहा कि आने वाले दिनों में मौसम में कोहरे व धुंध के चलते सड़कों पर दृश्यता कम होगी। ऐसे में सड़कों पर वाहन का प्रयोग करते समय अधिक सावधानी बरतनी होगी। वाहन मालिक व चालक अपने-अपने वाहनों के पीछे रिफ्लेक्टर जरूर लगाएं। धुंध के मौसम में रिफ्लेक्टर टेप बहुत ही कारगर साबित होती है। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन करना न केवल अपने लिए व दूसरों के लिए भी बहुत जरूरी है। -
इन बातों का रखें ध्यान -
-हाईवे पर चलते समय वाहनों के बीच उचित दूरी बनाए रखें
- गाड़ी चलाते समय इंडिकेटर को भी ऑन रखें ताकि दूसरे वाहन को भी आपके वाहन का पता चल सके
- कोहरे के दौरान यात्रा करते समय वाहन चालक लो-बीम हेड लाइट का इस्तेमाल करें, धुंध में हाई-बीम हेड लाईट कारगर नहीं होती है। यदि कोहरे के कारण विजिबिलिटी कम हो जाती है तो ऐसी स्थिति में फॉग लाइट का उपयोग अवश्य करें
- विजिबिलिटी बेहद खराब होने की स्थिति में वाहन चालक सड़क पर पेंट की गई लाइन को गाइड के रूप में उपयोग करते हुए वाहन चलाएं
- धुंध के दौरान गाड़ियों की गति सीमा नियंत्रित रखें, मोबाइल फोन, म्यूजिक सिस्टम का उपयोग करने से बचें
- घना कोहरा होने पर सुरक्षित स्थान पर वाहन को रोककर धुंध कम होने तक प्रतीक्षा करें
- बाहर की आवाज का ध्यान रखने के लिए वाहनों के शीशे थोड़ा नीचे रखें
- ओवरटेकिंग नहीं करने के अतिरिक्त लेन बदलने, फ्री-वे और व्यस्त सड़कों पर वाहन रोकने से बचें